विशेष बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की ओर बड़ा कदम: डॉ. रमन सिंह ने ऑटिज्म ग्रसित बच्चों के कौशल विकास हेतु व्यावहारिक गाइडबुक का किया विमोचन, अभिभावकों और शिक्षकों को मिला सशक्त मार्गदर्शन

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने ऑटिज्म ग्रसित बच्चों के विकास हेतु व्यावहारिक मार्गदर्शिका पुस्तक का विमोचन किया

स्पेशल बच्चों के कौशल विकास को मिलेगी नई दिशा

रायपुर: छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह जी ने अपने रायपुर स्थित निवास स्पीकर हाउस में ऑटिज्म से ग्रसित बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए एक अत्यंत उपयोगी और व्यावहारिक मार्गदर्शिका पुस्तक “Developing Skills through Activities for Children with Autism – A Practical Guide for Parents, Teachers, Caregivers and Therapists” का विमोचन किया।

इस अवसर पर डॉ. रमन सिंह ने पुस्तक की सराहना करते हुए कहा कि ऑटिज्म से ग्रसित बच्चों में अपार क्षमताएं होती हैं। सही मार्गदर्शन और निरंतर प्रयासों के माध्यम से हम उनके कौशल को निखार कर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ सकते हैं। यह पुस्तक पालकों और शिक्षकों के लिए एक संबल का कार्य करेगी।

यह पुस्तक विशेष रूप से इस उद्देश्य के साथ तैयार की गई है कि अभिभावक और देखभालकर्ता घर पर उपलब्ध साधारण संसाधनों का उपयोग करके बच्चों के विकास में सक्रिय और प्रभावी भूमिका निभा सकें। इसमें सरल, स्वदेशी एवं व्यावहारिक विधियों के माध्यम से बच्चों को कौशल सिखाने के तरीके बताए गए हैं। पुस्तक में 10 प्रमुख विकासात्मक क्षेत्रों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया है, जिसमें कुल 100 से अधिक गतिविधियां शामिल हैं।

प्रत्येक गतिविधि को “3A मॉडल” Aim (उद्देश्य), Activity (गतिविधि) और Action (क्रियान्वयन) के आधार पर प्रस्तुत किया गया है, ताकि इसे समझना और लागू करना अत्यंत सरल हो। इस मार्गदर्शिका की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें दिए गए सभी अभ्यास घर में आसानी से उपलब्ध सामग्री से किए जा सकते हैं। डॉ. सिमी श्रीवास्तव द्वारा रचित यह पुस्तक हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध है।

डॉ. सिमी श्रीवास्तव के अनुसार, यह पुस्तक उन सभी पालकों, विशेष शिक्षकों एवं चिकित्सकों को समर्पित है जो इन बच्चों के जीवन को संवारने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

पुस्तक विमोचन के अवसर पर पुस्तक की लेखिका, पुनर्वास मनोवैज्ञानिक एवं विशेष शिक्षक डॉ. सिमी श्रीवास्तव के साथ डॉ. मनीष, मुकुल श्रीवास्तव, जीनल, भागीरथी, अभिलाष, शिवली एवं रागवी उपस्थित रहे।

Related posts