सोमनाथ स्वाभिमान पर्व “अटूट आस्था के 1000 वर्ष” का होगा आयोजन
11 मई को मयाली नेचर कैम्प में विशेष कार्यक्रम
कलेक्टर ने अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारियां
जशपुर : छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार 11 मई 2026 को “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व – अटूट आस्था के 1000 वर्ष” विषय पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर राज्यभर के जिलों में विभिन्न आयोजन किए जाएंगे। जशपुर जिले में यह विशेष कार्यक्रम कुनकुरी विकासखंड स्थित मधेश्वर महादेव पर्वत (मयाली नेचर कैम्प) में आयोजित होगा। इस विशेष राष्ट्रीय गौरव कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति में ऐतिहासिक, पुरातात्विक एवं सांस्कृतिक विषयों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इसी तारतम्य में कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी रोहित व्यास द्वारा कार्यक्रम की सुव्यवस्थित तैयारी एवं सफल आयोजन हेतु विभिन्न अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। कार्यक्रम 11 मई को प्रातः 8 बजे से प्रारंभ होगा।
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कुनकुरी को कार्यक्रम का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि जनपद पंचायत कुनकुरी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कुनकुरी को सौंपी गई है। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को टेंट, बैरिकेडिंग, साउंड, माइक एवं एलईडी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं एनआईसी जशपुर को कार्यक्रम स्थल पर इंटरनेट सुविधा उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी दी गई है। नगर सेना जशपुर द्वारा अग्निशमन व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जशपुर को चिकित्सा दल एवं एम्बुलेंस की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। उद्यानिकी विभाग को फूल-माला एवं बुके की व्यवस्था, खाद्य विभाग को अतिथियों के स्वल्पाहार तथा महिला एवं बाल विकास विभाग को कार्यक्रम स्थल की साज-सज्जा की जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही जिला पंचायत एवं अन्य विभागों के अधिकारियों को अतिथियों की बैठक व्यवस्था सहित विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए दायित्व सौंपे गए हैं।
जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएं समयपूर्व एवं सुचारू रूप से पूर्ण की जाएं, ताकि आयोजन गरिमामय और व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।
