सुशासन तिहार में कोतबा बना स्वच्छता का मॉडल, जनप्रतिनिधियों और महिलाओं ने श्रमदान कर दिया स्वच्छ नगर का संदेश

सुशासन तिहार अंतर्गत कोतबा में चला स्वच्छता श्रमदान अभियान, नगर में किया गया व्यापक साफ-सफाई कार्य

जशपुर : सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत नगर पंचायत कोतबा में आज जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। जो कि जनसेवा के साथ-साथ स्वच्छता जनजागरूकता का प्रभावी मंच बनकर सामने आया। शिविर के दौरान स्वच्छता श्रमदान अभियान चलाकर नगर के विभिन्न स्थानों में व्यापक साफ-सफाई कार्य किया गया। स्वच्छता श्रमदान में जनप्रतिनिधियों, नगर पंचायत के अधिकारी-कर्मचारियों, गणमान्य नागरिकों एवं स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई। सभी ने मिलकर सार्वजनिक स्थलों, सड़कों, नालियों एवं आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई कर स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का परिचय दिया।

 इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि स्वच्छता केवल अभियान नहीं, बल्कि एक सतत आदत है जिसे प्रत्येक नागरिक को अपने दैनिक जीवन में अपनाना चाहिए। उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि वे अपने घरों एवं आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने में सहयोग करें और कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डालें। नगर पंचायत के अधिकारियों ने बताया कि सुशासन तिहार के माध्यम से जहां एक ओर नागरिकों की समस्याओं का निराकरण किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर स्वच्छता, स्वास्थ्य और जनजागरूकता से जुड़े अभियान भी संचालित किए जा रहे हैं। इस प्रकार के श्रमदान से न केवल नगर की साफ-सफाई सुनिश्चित होती है, बल्कि लोगों में सामूहिक जिम्मेदारी की भावना भी विकसित होती है।

Related posts