छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश कार्यसमिति का राजनीतिक प्रस्ताव: ‘मोदी गारंटी’ की उपलब्धियों, विकास योजनाओं और डबल इंजन सरकार की नीतियों को ऐतिहासिक बताते हुए विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को दोहराया, विपक्ष पर तीखा प्रहार

रायपुर : भारतीय जनता पार्टी, छत्तीसगढ़ की प्रदेश कार्यसमिति की यह बैठक प्रदेश के राजनीतिक, सामाजिक और विकासात्मक दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण रही, जिसमें “मोदी गारंटी” के तहत प्राप्त ऐतिहासिक जनादेश, डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों तथा “विकसित छत्तीसगढ़” के संकल्प को केंद्र में रखते हुए एक सशक्त और दूरदर्शी राजनीतिक प्रस्ताव पारित किया गया। इस प्रस्ताव में राज्य में सुशासन, जनकल्याण, सांस्कृतिक पुनर्जागरण, अधोसंरचना विकास, महिला सशक्तिकरण, युवा एवं खेल प्रोत्साहन तथा नक्सल उन्मूलन जैसे विषयों पर सरकार की उपलब्धियों और भावी दिशा का विस्तृत उल्लेख करते हुए छत्तीसगढ़ को देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में स्थापित करने के लक्ष्य को दोहराया गया।

भारतीय जनता पार्टी, छत्तीसगढ़, प्रदेश कार्यसमिति/ राजनीतिक प्रस्ताव

प्रस्ताव अरुण साव उप मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन

समर्थन : शिवरतन शर्मा, पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता एवं श्रीमती रूपकुमारी चौधरी, सांसद महासमुंद लोकसभा क्षेत्र

भारतीय जनता पार्टी, छत्तीसगढ़ की प्रदेश कार्यसमिति छत्तीसगढ़ की जनता के प्रति कृतज्ञ है जिन्होंने विधानसभा, लोकसभा और नगरीय निकाय समेत सभी चुनावों में भाजपा को लगातार ऐतिहासिक जनादेश दिया है। इस जनादेश के अनुरूप मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव सायजी की सरकार ने पार्टी के घोषणा पत्र ‘मोदी गारंटी’ में किए अधिकांश बड़े वादों को पूरा कर दिया है। भाजपा की यह प्रदेश कार्यसमिति यह विश्वास दिलाती है कि छत्तीसगढ़ की तीन करोड़ जनता द्वारा भाजपा के प्रति सतत दिखाए विश्वास पर हमेशा खरा उतरेगी। यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदीजी के ‘विकसित भारत’ का स्वपन साकार करने ‘विकसित छत्तीसगढ़’ बनाने भाजपा कृतसंकल्प है। 

ऐतिहासिक चुनाव परिणाम : भाजपा पर देश की जनता के लगातार बढ़ते विश्वास का परिणाम ही हाल में आए पांच राज्यों के चुनाव में भी परिलक्षित हुआ है। जहां पश्चिम बंगाल में न केवल ममता बनर्जी का 15 वर्ष का कुशासन समाप्त हुआ, बल्कि वहां कांग्रेस और कम्यूनिस्ट जैसे पश्चिम बंगाल के पूर्व सत्ताधारी दलों को भी पुनः पराजित करने में भाजपा सफल हुई है। बंगाल की ऐतिहासिक विजय हमारे पितृपुरुष डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी को भी सच्ची श्रद्धांजलि है। इसी तरह असम में भी अब तक की सबसे बड़ी जीत भाजपा को मिली है, और हमें तीसरी बार वहां भी सरकार बनाने का अवसर मिला है। पुद्दुचेरी में भी भाजपा नीत एनडीए को पुनः जनादेश मिला है। केरल में भी भाजपा का 3 सीटों पर विजय मिलना वहां भी हमारे बढ़ते जनाधार का प्रतीक है। तमिलनाडू में भी कांग्रेस गठबंधन की बुरी पराजय उसके समाप्त होते जनाधार का परिचायक है। जिन 9 सीटों के लिए उपचुनाव हुए हैं, उनमें से भी भाजपा ने 9 में से 6 सीटें जीती हैं। प्रदेश के हर हिस्से में पार्टी का जनाधार बढ़ा है। हमारे मत प्रतिशत में उल्लेखनीय वृद्धि यह दिखाता है कि भाजपा आज देश के हर कोने में एकमात्र सर्व-स्वीकार्य दल के रूप में शोभायमान है। आज गंगोत्री से गंगासागर तक, अरब सागर से बंगाल की खाड़ी तक के गगन में हमारा भगवा लहरा रहा है। यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदीजी के नेतृत्व में यह राष्ट्रीय विचारधारा का स्वर्णयुग है।

सांस्कृतिक वैभव की पुनर्स्थापना : यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदीजी का कार्यकाल वास्तव में सनातन के पुनर्जागरण का काल भी है। जिस तरह भारत के सनातन सांस्कृतिक गौरव, मां भारती के पुरा वैभव की पुनर्स्थापना, हमारे विरासत के संरक्षण का कार्य पिछले एक दशक में हुआ है, वह हमारा स्वर्णिम अध्याय है। भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों में से प्रथम सोमनाथ भारत की अटूट आस्था, सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक पुनरुत्थान का प्रतीक है। सनातन आस्था का यह विशिष्ट केन्द्र महमूद गजनी द्वारा 1026 ईस्वी में ध्वस्त किया गया था। इसके एक हजारवीं बरसी पर सोमनाथ अमृत महोत्सव आयोजित किया। पुनर्निर्मित मंदिर के 75 वर्ष पूरे होने के पर आयोजित इस समारोह ने सनातन पुनर्निर्माण का इतिहास रचा है। सोमनाथ से ही श्रीअयोध्यायजी की रथयात्रा ने सनातन यात्रा को गति दी थी। उस श्रीअयोध्याजी में श्री रामजन्मभूमि मंदिर पर मंदिर निर्माण सनातन संस्कृति का शंखनाद है। काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, महाकाल लोक, केदारनाथ धाम का पुनर्निर्माण, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुरुआत, योग-आयुर्वेद को वैश्विक मान्यता, सांस्कृतिक स्थलों का विकास, हम्पी जैसे प्राचीन स्थलों का विकास, कश्मीर के अवंतीश्वर मंदिर जैसे अवशेषों का पुनरुद्धार। भारत की जी-20 अध्यक्षता के दौरान आदिवासी कला, शास्त्रीय नृत्य और भारत की विविध संस्कृति का दुनिया के सामने प्रदर्शन महत्वपूर्ण है। इसके अलावा सायास बिसरा दिए गए हमारे नायकों जैसे लचित बरफुकन से लेकर पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होलकर तक के कृतित्व को स्मारित कर देश के स्वाभिमान की पुनर्प्रतिष्ठा हुई है। बाबा साहब अम्बेडकर से जुड़े पंच तीर्थों का पुनरुद्धार भी इसी ध्येय से किया गया है। प्रदेश की भाजपा सरकार भी ‘विरासत भी विकास भी’ के ध्येय के साथ छत्तीसगढ़ के सांस्कृतिक स्थलों के पुनरुद्धार और विकास में जुटी है।  

विश्वास, निर्माण, गौरव : छत्तीसगढ़ में पिछली सरकार ने जिस तरह अपने कथित ‘जन घोषणा पत्र’ के किसी भी वादे को पूरा नहीं किया था, उससे समूचे राजनीतिक तंत्र के प्रति ही जनता में अविश्वास हो गया था। इस अविश्वास के विरुद्ध भाजपा सरकार ने ‘विश्वास वर्ष’ घोषित कर 18 लाख प्रधानमंत्री आवास, 3100 रुपये क्विंटल की कीमत पर 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदी, प्रदेश की 70 लाख महतारी को 12 हजार रुपया सालाना की सहायता, 5.62 लाख से अधिक भूमिहीन किसानों को सालाना 10 हजार रुपये की सहायता, महिलाओं को भूमि पंजीयन में 50 प्रतिशत की छूट, रानी दुर्गावती योजना के तहत बालिग होते ही बालिकाओं को 1.5 लाख रुपये की सहायता देने समेत दर्जनों कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से विश्वास का पुनः निर्माण किया है। ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के निर्माण का संकल्प लेकर प्रदेश की भाजपा सरकार काम कर रही है।

प्रदेश में कृषि, ग्रामीण विकास, जनजातीय समृद्धि, उद्योग-व्यवसाय आदि सभी क्षेत्र में सुनहरे भविष्य की नींव रखी जा रही है। प्रदेश सरकार द्वारा जनता के बीच जा कर उनकी समस्याओं का समाधान करने ‘सुशासन तिहार’ मनाया जाना भी उपयोगी सिद्ध हो रहा है। बड़ी संख्या में इस तिहार के माध्यम से जनता की समस्याओं का समाधान संभव हो रहा है। प्रदेश सरकार की ‘समाधान’ योजना से विद्युत् उपभोक्ताओं को काफी राहत मिली है। विश्वास, निर्माण और गौरव यह छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार का मूलमंत्र है। प्रदेश में राजनीतिक संरक्षण में किये जाते मतांतरण की चुनौती से निपटने, अवैध मतांतरण को रोकने प्रदेश सरकार द्वारा लाया गया ‘छत्तीसगढ़ धर्मं स्वातंत्र्य अधिनियम 2026’ भी एक महत्वपूर्ण पहल है।

नक्सल उन्मूलन : भारत की आंतरिक सुरक्षा पर सबसे बड़ी चुनौती करार दिए गए कम्यूनिस्ट आतंक की समाप्ति डबल इंजन की सरकार के कारण संभव हो पाया है। लोकतंत्र और भारतीय संविधान की रक्षा की दृष्टि से यह उपलब्धि मील का पत्थर है। समयबद्ध तरीके से नक्सल उन्मूलन के संकल्प को सिद्ध करने यह कार्यसमिति प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदीजी और गृह मंत्री श्री अमित शाह जी का अभिनंदन करती है।

कम्युनिस्ट आतंक की समाप्ति के इस यज्ञ में आहुति देने वाले हमारे सुरक्षा बलों के जवानों के प्रति यह कार्यसमिति कृतज्ञता व्यक्त करती है। हमारे केंद्रीय सुरक्षा बलों, डीआरजी और स्थानीय बलों के भुजा के ताकत से हमने यह विजय प्राप्त किया है। लोकतंत्र और भारतीय संविधान के रक्षा में बलिदान हुए वीरों के प्रति अशेष श्रद्धांजलि।

ऑपरेशन सिंदूर : पिछले वर्ष सीमा पार से कश्मीर के पहलगाम में किये गए कायराना आतंकी हमले के विरुद्ध जिस तरह का आक्रमण भारतीय सेना ने करते हुए दुश्मनों के दांत खट्टे किये, आतंकियों की जिस तरह कमर तोड़ दी गयी, वह सैन्य इतिहास में एक सुनहरे अध्याय के रूप में दर्ज हो गया है। मोदीजी के नेतृत्व में हमारी सेना ने यह बता दिया है कि यह नया और मजबूत भारत है जो दुश्मनों को उसी की भाषा में जवाब देना जानता है। हमारी वीर सेना का भी यह कार्यसमिति अभिनंदन करती है। 

नारी शक्ति पर कांग्रेस का कुठाराघात : देश की आधी आबादी को पूरा अधिकार देना हमारे प्रधानमंत्रीजी का संकल्प है, इसके बिना एक समावेशी लोकतंत्र की कल्पना नहीं की जा सकती। मोदीजी की सरकार ने ‘नारी शक्ति वंदन विधेयक’ लाकर सर्व सम्मति से कानून बना कर लोकसभा और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत महिला आरक्षण सुनिश्चित किया। इससे पहले अनेक बार इस कानून को बनाने की कोशिश पिछले 30 वर्षों से की जा रही थी। किंतु अंतिम रूप से जब अधिकार देने की बारी आयी, तब फिर से एक बार कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने इस आरक्षण को रोकने का महापाप किया है। इस विधेयक के पारित होने से आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनावों से पहले महिला आरक्षण लागू करना न केवल संभव होता बल्कि लोकसभा में सीटों की संख्या भी बढ़कर 850 हो जाने से समुचित प्रतिनिधित्व मिलना संभव होता। किंतु कांग्रेस की हठधर्मिता, उसके महिला विरोधी रवैये के कारण यह संभव नहीं हो पाया। प्रदेश की भाजपा सरकार ने इस वर्ष को ‘महतारी गौरव वर्ष’ घोषित किया है। ऐसे में इस वर्ष यह महतारी आरक्षण अमल में आ जाना प्रदेश के लिए भी एक सुखद संयोग होता, जो कांग्रेस के कारण संभव नहीं हो पाया।  

महिला आरक्षण से संबंधित इस विधेयक को षड्यंत्र पूर्वक गिरा देने, इस आरक्षण को रोक देने का उत्सव मनाने वाले कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों की यह कार्यसमिति निंदा करती है। साथ ही मातृशक्ति को आश्वस्त भी करती है कि विपक्ष भले तात्कालिक रूप से फिर अपने मंसूबे में सफल हो गया हो, किंतु महिला आरक्षण को वह और अधिक दिन तक नहीं रोक सकती। देश की जनता विपक्ष को मुंहतोड़ जवाब देते हुए इस विश्वासघात का बदला लेकर रहेगी। कांग्रेस के बावजूद महिला आरक्षण जल्द से जल्द अमल में लाना संभव होगा।

पश्चिम एशिया संकट : विश्व अभी विषम परिस्थियों से गुजर रहा है। पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध के कारण पेट्रोलियम पदार्थ, उर्वरक आदि की आपूर्ति में वैश्विक बाधा पहुंची है। दुनिया का उद्योग-व्यापार ठप पड़ा हुआ है। इस अंतर्राष्ट्रीय संकट में भी भारतीय अर्थव्यवस्था पर इसका न्यूनतम प्रभाव पड़ना मोदीजी के कुशल नेतृव के कारण ही संभव हो रहा है। देश भर में आपूर्ति श्रृंखला व्यवस्थित है। देश का विकास दर भी लगातार बेहतर बने रहना एक बड़ी उपलब्धि है। इस बड़े संकट के समय में प्रधानमंत्री जी के आह्वान के अनुरूप अपने नागरिक बोध का परिचय देते हुए एकजुट होकर निस्संदेह उसी तरह पार पा लेंगे जैसे कोरोना जैसे आपदा से उबरने में भी जनता के समर्थन और सहयोग के कारण सफल हुए थे।   

आह्वान : प्रदेश की यह कार्यसमिति छत्तीसगढ़ के दैव दुर्लभ भाजपा कार्यकर्ताओं से यह आह्वान करती है कि भाजपा की डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों और कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने, इसका अधिकाधिक लाभ जनता तक पहुचे, इस निमित्त सतत प्रयास करने में जुटे रहें, साथ ही नकारात्मकता, असत्य और दुष्प्रचार पर आधारित विपक्ष के मंसूबों को ध्वस्त करते रहने में भी हमेशा की तरह अपनी महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन करें।

Related posts