जरूरतमंदों के लिए राहत की पहल: माटीकला बोर्ड अध्यक्ष श्री चक्रवर्ती ने रनपुर में प्रदान किए सहायता राशि के चेक
11 हितग्राहियों को दिए 10-10 हजार रुपए की स्वेच्छानुदान राशि
कलेक्टर श्री व्यास की मौजूदगी में ग्रामीणों को मिला संबल
जशपुर : छत्तीसगढ़ माटीकला बोर्ड के अध्यक्ष शंभूनाथ चक्रवर्ती ने गुरुवार को अपने गृह ग्राम रनपुर में जरूरतमंदों के लिए संवेदनशील पहल करते हुए 11 हितग्राहियों को 10-10 हजार रुपये की स्वेच्छानुदान राशि के चेक वितरित किए। इस अवसर पर कलेक्टर श्री रोहित व्यास भी मौजूद रहे। इस दौरान ग्रामीणों को सीधे आर्थिक सहायता प्रदान की गई, जिससे उनके बीच राहत और संतोष का माहौल देखा गया। यह स्वेच्छानुदान राशि मुख्य रूप से आकस्मिक एवं अत्यावश्यक परिस्थितियों में सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से दी जाती है। इस अवसर पर श्री चक्रवर्ती ने बताया कि यह राशि उन जरूरतमंद व्यक्तियों और परिवारों को दी जाती है, जो गंभीर बीमारी, दुर्घटना या आर्थिक संकट जैसी परिस्थितियों से जूझ रहे हैं। इसके माध्यम से गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहयोग, गरीब परिवारों को राहत, असाध्य रोगों या दुर्घटनाओं से प्रभावित परिवारों को संबल प्रदान किया जाता है। इसके अलावा यह राशि सामुदायिक विकास से जुड़े छोटे कार्यों, सांस्कृतिक, शैक्षिक एवं खेल गतिविधियों के लिए भी उपयोगी होती है, जिससे समाज के विभिन्न वर्गों को लाभ मिल सके।
कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की सहायता राशि जरूरतमंदों के लिए संजीवनी का कार्य करती है। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि समाज के कमजोर वर्गों को समय पर सहायता मिले, ताकि वे कठिन परिस्थितियों से उबर सकें।
ग्रामीणों ने इस पहल के लिए आभार जताते हुए कहा कि समय पर मिली यह आर्थिक सहायता उनके लिए बड़ी राहत है। कार्यक्रम में एसडीएम बगीचा श्री प्रदीप राठिया सहित जनपद सीईओ, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
