खराब परीक्षा परिणाम पर कलेक्टर सख्त – सुधार नहीं हुआ तो मान्यता होगी रद्द और रुकेगा अनुदान
खराब रिजल्ट देने वाले विषय शिक्षकों पर भी होगी कड़ी कार्रवाई।
जशपुर : कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में शनिवार को कलेक्टर रोहित व्यास ने जिले के खराब परीक्षा परिणाम वाले 26 विद्यालयों की बोर्ड परीक्षा परिणाम की गहन समीक्षा की।
मोतीलाल हायर सेकंडरी विद्यालय लोखंडी को खराब परीक्षा परिणाम के लिए नोटिस , सेंट मैरी विद्यालय दुलदुला की जांच, सेजेस मनोरा के वाणिज्य के व्याख्याता को कारण बताओ नोटिस और विषयवार खराब रिजल्ट वाले शिक्षकों पर कार्यवाही के निर्देश उन्होंने दिए। सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को इन शिक्षकों की बैठक लेकर जांच करने को कहा। साथ ही अनुत्तीर्ण और पूरक आए विद्यार्थियों की वर्ष भर की उपस्थिति के साथ ही मासिक, तिमाही और छमाही परीक्षा परिणाम चेक करने के निर्देश दिए और समीक्षा कर अनुतीर्ण होने के कारणों का पता लगाने कहा गया l
प्राइवेट या अनुदान प्राप्त विद्यालयों के खराब परीक्षा परिणाम पर नाराजगी जाहिर करते हुए उन्होंने कड़ी फटकार लगाई और चेतावनी देते हुए कहा कि वर्तमान शिक्षा सत्र से यदि परीक्षा परिणाम में सुधार नहीं होता है तो संबंधित विद्यालयों की मान्यता समाप्त की जाएगी और अनुदान प्राप्त विद्यालयों का अनुदान का प्रस्ताव भेजने पर पुनर्विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शासन के द्वारा यदि बच्चों के लिए खर्च किया जा रहा है तो उसका लाभ भी विद्यार्थियों को अच्छे से मिलना चाहिए।
बेहतर शिक्षा गुणवत्ता के लिए सभी अशासकीय और अनुदान प्राप्त विद्यालयों में मासिक परीक्षा सहित यशस्वी जशपुर कार्यक्रम की गतिविधियों का क्रियान्वयन भी वर्तमान शिक्षा सत्र से करने का निर्देश उन्होंने दिया। शासकीय विद्यालयों की समीक्षा के साथ इन विद्यालयों की समीक्षा भी अब की जाएगी। यशस्वी जशपुर की टीम को इन विद्यालयों की मॉनिटरिंग करने का निर्देश भी दिया।
उन्होंने यह भी कहा कि सभी प्राचार्य अब प्रत्येक दिन किसी भी एक कक्षा में एक कालखंड में पूरे समय उपस्थित रहकर अवलोकन करेंगे। शिक्षण पद्यति में यदि कोई कमी पाई जाएगी तो सुधार के लिए आवश्यक टीप भी दिए जायें l बच्चों की विद्यालय में 100% उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए पालक संपर्क और अधिक करने निर्देश दिया। प्रत्येक दिवस अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों के अभिभावकों को कक्षा शिक्षक अनिवार्य रूप से कॉल करके अनुपस्थित रहने का कारण पंजी में संधारित करेंगे l विद्यालय में विद्यार्थियों के द्वारा मोबाइल का उपयोग ना करने की बात भी उन्होंने कही।
समीक्षा बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी नरेंद्र सिन्हा, यशस्वी जशपुर के नोडल विनोद गुप्ता, सदस्य अवनीश पांडेय, संजय दास और सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारी व प्राचार्य उपस्थित रहे।
