जशपुर पुलिस ने सड़क पर उतार दिया बड़ा सुरक्षा अभियान : नो हेलमेट-नो सेफ्टी ! एक छोटी लापरवाही छीन सकती है पूरी जिंदगी, जशपुर में पुलिस की मेगा बाइक रैली ने संभाली जागरूकता की कमान.

जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जशपुर पुलिस द्वारा व्यापक स्तर पर सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में दिनांक 16 मई 2026 को क्रमशः जिले के  थाना बागबहार, कांसाबेल, तुमला, लोदाम, आस्ता,एवं चौकी ऊपरकछार, पंडरापाठ, मनोरा, कोतबा, करडेगा तथा दिनांक 17 मई 2026 को  थाना सन्ना, बगीचा, नारायणपुर, फरसाबहार व चौकी सोनक्यारी क्षेत्रांतर्गत हेलमेट जागरूकता बाइक रैली निकाल कर लोगों को यातायात नियमों के पालन हेतु प्रेरित किया गया।

रैली के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आम नागरिकों के साथ हेलमेट पहनकर बाइक रैली निकाली तथा आमजन को यह संदेश दिया कि “सुरक्षा ही सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।” अभियान के माध्यम से दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने, शराब पीकर वाहन नहीं चलाने, ओवर स्पीड से बचने एवं सभी यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों की संख्या में कमी लाना एवं लोगों में जिम्मेदार यातायात व्यवहार विकसित करना है।

जशपुर पुलिस ने नागरिकों को जागरूक करते हुए कहा कि सड़क पर वाहन चलाते समय की गई एक छोटी सी लापरवाही किसी परिवार की खुशियां छीन सकती है। व्यक्ति का जीवन केवल उसका अपना नहीं, बल्कि उसके पूरे परिवार की जिम्मेदारी से जुड़ा होता है। हेलमेट एवं सीट बेल्ट जैसे सुरक्षा उपाय दुर्घटना के दौरान गंभीर चोट एवं जानमाल के नुकसान से बचाने में अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होते हैं।

अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने लोगों को सुरक्षित वाहन संचालन, संयमित गति एवं यातायात नियमों के पालन का संकल्प भी दिलाया। जशपुर पुलिस द्वारा यह स्पष्ट किया गया कि सड़क सुरक्षा एवं जनजागरूकता का यह विशेष अभियान जिले भर में लगातार जारी रहेगा।

Related posts