नारायणपुर में फिटनेस का महा-उत्सव : मैदान में उतरे मंत्री केदार कश्यप ! योगा-जुम्बा में पुलिस और जनता ने मिलाया कदम, “हमर फिट” कार्यक्रम ने बदल दी पुलिस-जनता की तस्वीर.

पुलिस अधीक्षक नारायणपुर श्री रॉबिंसन गुड़िया के निर्देशन में नारायणपुर पुलिस द्वारा संचालित “माड़ मैत्री” अभियान के अंतर्गत आयोजित “हमर फिट नारायणपुर” कार्यक्रम का आज 6वां दिन उत्साह एवं जनसहभागिता के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, नागरिकों, युवाओं एवं बच्चों की बड़ी संख्या में सहभागिता देखने को मिली। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस एवं आमजन के मध्य विश्वास, समन्वय एवं आत्मीयता को सुदृढ़ करने के साथ-साथ स्वस्थ एवं सकारात्मक सामाजिक वातावरण का निर्माण करना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय मंत्री श्री केदार कश्यप (वन, जलवायु परिवर्तन, जल संसाधन, कौशल विकास एवं सहकारिता मंत्री, छत्तीसगढ़ शासन) उपस्थित रहे। इसके साथ ही माननीय श्री रूपसाय सलाम (अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ), श्री इंद्र प्रसाद बघेल (अध्यक्ष, नगर पालिका नारायणपुर) एवं श्री संग्राम राणा (भाजपा नेता) विशेष रूप से शामिल हुए। सभी अतिथियों ने नारायणपुर पुलिस द्वारा संचालित “माड़ मैत्री” अभियान की सराहना करते हुए इसे समाज में विश्वास, भाईचारे एवं जनसहभागिता को बढ़ावा देने वाली महत्वपूर्ण पहल बताया।

कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिकों, युवाओं एवं बच्चों को जुम्बा, पीटी एवं योगा कराया गया, जिसमें सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मुख्य अतिथि मंत्री श्री केदार कश्यप सहित जनप्रतिनिधियों एवं पुलिस अधिकारियों ने भी आमजन के साथ सहभागिता करते हुए स्वस्थ जीवनशैली, अनुशासन एवं सामुदायिक एकता का संदेश दिया।

खुले मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं, युवाओं एवं बच्चों की सक्रिय भागीदारी ने पूरे वातावरण को ऊर्जा, उत्साह एवं सकारात्मकता से भर दिया। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि स्वस्थ समाज, सकारात्मक सोच एवं जनसहभागिता से ही क्षेत्र को विकास एवं विश्वास की दिशा में आगे बढ़ाया जा सकता है।

नारायणपुर पुलिस द्वारा संचालित “माड़ मैत्री” अभियान के अंतर्गत लगातार ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य पुलिस एवं ग्रामीणों के मध्य दूरी कम कर आपसी विश्वास एवं आत्मीय संबंध स्थापित करना है। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने भी “विग्रह से विश्वास” की भावना को सशक्त बनाने हेतु पुलिस के प्रयासों की सराहना की।

Related posts