लीग चरण का समापन PBKS और SRH की धमाकेदार जीत के साथ
कुनकुरी : नगर के खेल मैदान में कई दिनों से चल रहा क्रिकेट का महाकुंभ अब अपने सबसे रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका है। KPL चैप्टर 4 के लीग मुकाबले समाप्त हो चुके हैं और अब आज से शुरू होने जा रहा है प्लेऑफ का हाई-वोल्टेज महासंग्राम। पूरे नगर में क्रिकेट का जुनून चरम पर है। मैदान में दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ने की उम्मीद है, क्योंकि अब हर मैच करो या मरो की जंग में बदल चुका है। चार मजबूत टीमें खिताब जीतने के लिए आमने-सामने होंगी और एक छोटी सी गलती भी टीमों के सपनों को तोड़ सकती है।
क्वालिफायर-1 में MI और PBKS के बीच होगी टाइटल की पहली जंग
आज का पहला मुकाबला Qualifier-1 के रूप में खेला जाएगा, जहां शानदार फॉर्म में चल रही कुनकुरी इंडियंस (MI) और दमदार प्रदर्शन कर प्लेऑफ में पहुंची कुनकुरी किंग्स (PBKS) आमने-सामने होंगी। दोनों टीमों ने लीग चरण में बेहतरीन खेल दिखाया है और अब दोनों की नजरें सीधे फाइनल के टिकट पर टिकी हैं।
MI की टीम जहां अपने विस्फोटक बल्लेबाजों और संतुलित गेंदबाजी के दम पर मैदान में उतरेगी, वहीं PBKS कप्तान पंकज राम की आक्रामक बल्लेबाजी और घातक गेंदबाजी के भरोसे जीत हासिल करने की कोशिश करेगी। इस मुकाबले की विजेता टीम सीधे फाइनल में प्रवेश करेगी, जबकि हारने वाली टीम को एक और मौका मिलेगा।

एलिमिनेटर में RR और CSK के बीच करो या मरो की भिड़ंत
दिन का दूसरा मुकाबला Eliminator के रूप में खेला जाएगा, जिसमें कुनकुरी रॉयल्स (RR) और कुनकुरी सुपर किंग्स (CSK) आमने-सामने होंगी। यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए बेहद अहम होगा, क्योंकि हारने वाली टीम का टूर्नामेंट में सफर यहीं समाप्त हो जाएगा।
RR की टीम अपने मजबूत बल्लेबाजी क्रम और शानदार गेंदबाजी के दम पर मैदान में उतरेगी, जबकि CSK की टीम मन्नू मेहरा और रघु सिंह जैसे खिलाड़ियों से एक बार फिर धमाकेदार प्रदर्शन की उम्मीद करेगी। क्रिकेट प्रेमियों को इस मुकाबले में चौकों-छक्कों और आखिरी गेंद तक रोमांच देखने को मिल सकता है।
लीग चरण का समापन PBKS और SRH की धमाकेदार जीत के साथ
गुरुवार को खेले गए लीग मुकाबलों में KUNKURI KINGS PBKS ने रॉयल चैलेंजर कुनकुरी RCB को 9 विकेट से हराकर अपनी ताकत का जोरदार प्रदर्शन किया। कप्तान पंकज राम ने मात्र 9 गेंदों में 34 रन ठोककर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। गेंदबाजी में अरुण कुमार सन्यासी और पंकज राम ने 3-3 विकेट झटककर RCB की पूरी टीम को सिर्फ 48 रन पर समेट दिया।
इसके जवाब में PBKS ने मात्र 2.4 ओवर में लक्ष्य हासिल कर क्रिकेट प्रेमियों को रोमांचित कर दिया। रोहित एक्का और प्रितेश चौहान ने आक्रामक बल्लेबाजी कर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।
वहीं दूसरे मुकाबले में SUNRISERS KUNKURI SRH ने Kunkuri Capitals DC को 6 विकेट से हराकर लीग चरण का समापन जीत के साथ किया। आशिष ने 16 गेंदों में 34 रन की विस्फोटक पारी खेली, जबकि मोहम्मद अनवर के 40 रन DC को जीत नहीं दिला सके। राहुल गुप्ता, समीम शेख और शेन अली खान ने शानदार गेंदबाजी करते हुए SRH की जीत में अहम भूमिका निभाई।

बढ़ते रोमांच के बीच इनामी राशि ने बढ़ाया खिलाड़ियों का जोश
KPL चैप्टर 4 में विजेता टीम को ₹1,00,000, उपविजेता को ₹51,000, तृतीय स्थान पर रहने वाली टीम को ₹21,000 एवं चतुर्थ स्थान प्राप्त करने वाली टीम को ₹11,000 की आकर्षक पुरस्कार राशि और ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। यही वजह है कि हर खिलाड़ी मैदान में अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए पूरी ताकत झोंक रहा है।
“Man of the Match” पुरस्कार साक्षी वस्त्रालय राहुल गुप्ता के सौजन्य से दिया जा रहा है।
Orange Cap पुरस्कार नमोकार मोबाइल द्वारा प्रायोजित है।
“Man of the Series” पुरस्कार संतोष गुप्ता द्वारा ₹3000 एवं आकर्षक ट्रॉफी के साथ प्रदान किया जाएगा।
आयोजन समिति की मेहनत से चमक रहा KPL का मंच
KPL चैप्टर 4 का सफल आयोजन KPL चेयरमैन CA बिनीत कुमार जिंदल, सचिव महेश त्रिपाठी एवं KPL 2026 अध्यक्ष चेतन गुप्ता “चिंटू” के नेतृत्व में लगातार भव्य रूप से किया जा रहा है। समिति सदस्य विवेक बजाज, प्रकाश राणा, आशीष सिंह चंकी, राजा बाघवार, अर्जू नागेशिया एवं लिंकन केरकेट्टा आयोजन को सफल बनाने में लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
कमेंट्री में सुनील राय, रवि चौहान, नितीश शर्मा, राहुल बजाज, राकेश सिंह, ओम गुप्ता एवं विनय संवाशी दर्शकों का उत्साह बढ़ा रहे हैं। स्कोरिंग की जिम्मेदारी सारांश सिंह गन्नू एवं समीम शेख निभा रहे हैं। अंपायरिंग में आशीष नायक, प्रीतम महंत, मयूर गर्ग, अभिषेक झा, अरविंद नांदे एवं सुधीर सिन्हा अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
अब पूरे कुनकुरी की नजरें आज के प्लेऑफ मुकाबलों पर टिकी हैं, जहां हर चौका, हर विकेट और हर रन इतिहास रच सकता है।
