अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस पर तपकरा में विविध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
जैव विविधता संरक्षण हेतु विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों ने लिया संकल्प
जशपुर : अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस के अवसर पर तपकरा क्षेत्र में वन विभाग द्वारा विविध जनजागरूकता एवं संरक्षण आधारित कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन, विशेषकर विद्यार्थियों एवं युवाओं में जैव विविधता संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा एवं वन्यजीवों के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना रहा।
कार्यक्रम के अंतर्गत स्कूली बच्चों के मध्य निबंध लेखन एवं चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए जैव विविधता संरक्षण से संबंधित विषयों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को जनप्रतिनिधियों ने प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया ।
इस अवसर पर जशक्राफ्ट, आरोग्य अमृत एवं महिला स्व सहायता समूहों द्वारा स्थानीय हस्तशिल्प एवं वन आधारित उत्पादों की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी में स्थानीय स्तर पर निर्मित हैंडीक्राफ्ट उत्पादों को विशेष सराहना प्राप्त हुई। साथ ही स्थानीय वन आधारित पारंपरिक व्यंजनों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘फॉरेस्ट फूड फेस्टिवल का आयोजन भी किया गया।
फेस्टिवल में विभिन्न वन उपजों से तैयार पारंपरिक खाद्य पदार्थों का प्रदर्शन एवं वितरण किया गया, जिसने उपस्थित लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों द्वारा जैव विविधता संरक्षण, वन्यजीवों के महत्व एवं पर्यावरण संतुलन बनाए रखने की आवश्यकता पर प्रेरणादायी उद्बोधन दिया गया। उनके संबोधन से विद्यार्थियों एवं स्थानीय जनसमुदाय में प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूकता एवं उत्साह का संचार हुआ।
कार्यक्रम के अंत में वनमंडलाधिकारी जशपुर श्री शशि कुमार “भा.व.से” द्वारा उपस्थित सभी जनों को जैव विविधता संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा एवं प्राकृतिक संसाधनों के सतत उपयोग हेतु सामूहिक संकल्प दिलाया गया। वन विभाग द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम समाज में जैव विविधता संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने एवं नई पीढ़ी को प्रकृति एवं पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ।
