रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी: 1 अगस्त से कोरबा-रायपुर हसदेव एक्सप्रेस चलेगी प्रतिदिन, एक ही ट्रेन नंबर 18249/18250 के साथ सफर होगा और अधिक आसान

कोरबा-रायपुर-कोरबा हसदेव एक्सप्रेस 01 अगस्त 2026 से प्रतिदिन 18249/18250 नंबर के साथ चलेगी।

बिलासपुर : यात्रियों की सुविधा, बेहतर रेल कनेक्टिविटी एवं सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा 18249/18250 तथा 18251/18252 हसदेव एक्सप्रेस की सेवाओं का विलय कर इसे प्रतिदिन नियमित रूप से संचालित करने का निर्णय लिया गया है।

वर्तमान में 18249/18250 रायपुर–कोरबा–रायपुर हसदेव एक्सप्रेस सप्ताह में चार दिन तथा 18251/18252 रायपुर–कोरबा–रायपुर हसदेव एक्सप्रेस सप्ताह में तीन दिन संचालित की जा रही है। इन दोनों ट्रेनों की सेवाओं का विलय करते हुये 01 अगस्त 2026 से ट्रेन संख्या 18249/18250 कोरबा-रायपुर-कोरबा हसदेव एक्सप्रेस के रूप में प्रतिदिन संचालित होगी।

इस निर्णय का सबसे बड़ा लाभ यह है कि यात्रियों को अब दो अलग-अलग ट्रेन नंबरों और अलग-अलग संचालन दिनों की जानकारी याद रखने की आवश्यकता नहीं होगी। एक ही ट्रेन संख्या 18249/18250 हसदेव एक्सप्रेस प्रतिदिन उपलब्ध रहेगी, जिससे यात्रा योजना बनाना अधिक सरल और सुविधाजनक होगा ।

इस ट्रेन में कुल 15 आधुनिक एलएचबी (LHB) कोच की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

Related posts