डॉक्टर गायब नहीं, इमरजेंसी ड्यूटी में थे व्यस्त: गंभीर प्रसूता के उपचार के दौरान बना वीडियो, सीएमएचओ बोले— अफवाह से अस्पताल की छवि और कर्मचारियों का मनोबल हुआ प्रभावित

सन्ना अस्पताल में मौजूद थे डॉक्टर, प्रसुता का कर रहे थे ईलाज: सीएमएचओ जशपुर

जशपुर : सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सन्ना में डॉक्टर की अनुपस्थिति एवं मरीजों के उपचार में लापरवाही संबंधी वायरल वीडियो के संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जशपुर ने खंडन जारी किया है।

सीएमएचओ कार्यालय से प्राप्त जानकारी अनुसार यह घटना दिनांक 22 मई 2026, सुबह लगभग 10:00 बजे की है। अज्ञात व्यक्ति द्वारा अस्पताल परिसर में डॉक्टर की अनुपस्थिति बताते हुए वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया था।

वास्तव में तत्समय डॉक्टर एवं अन्य कर्मचारी अस्पताल में उपस्थित थे। प्रसव कक्ष में ग्राम कोचाकोना निवासी पहाड़ी कोरवा आदिवासी प्रसुता श्रीमती सुलोचनी बाई पति श्री कृष्णा राम की आपातकालीन स्थिति के कारण ईलाज किया जा रहा था। मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे प्राथमिकता दी गई, जिसके कारण अन्य मरीजों के ईलाज में कुछ देरी हुई।

सीएमएचओ ने बताया कि उक्त वीडियो बिना जांच-पड़ताल के सोशल मीडिया पर डाल दिया गया, जिससे अस्पताल की छवि धूमिल हुई और कर्मचारियों का मनोबल प्रभावित हुआ। अस्पताल प्रबंधन ने भविष्य में ऐसी स्थिति पुनः न हो, इसका वचन दिया है।

Related posts