जशपुर कलेक्टर रोहित व्यास ने जिला चिकित्सालय के प्रभारी एमएलटी को किया निलंबित
ब्लड सेंटर में गंभीर लापरवाही एवं अनियमितताओं पर हुई कार्रवाई
जशपुर : जिला चिकित्सालय जशपुर के ब्लड सेंटर में गंभीर लापरवाही, अनियमितता एवं कर्तव्यों के प्रति उदासीनता के मामले में कलेक्टर रोहित व्यास ने प्रभारी एमएलटी पुरूषोत्तम कुंवर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। जारी आदेश के अनुसार ब्लड बैग के एक्सपायर होने के बाद भी उसे निर्धारित प्रक्रिया के तहत डिस्कार्ड नहीं किया गया, ब्लड बैग के गायब होने की सूचना समय पर वरिष्ठ अधिकारियों को नहीं दी गई तथा दस्तावेजों एवं साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ किए जाने जैसी गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। इसके अलावा ब्लड सेंटर के संचालन में निर्धारित नियमों एवं प्रोफेशनल एथिक्स का पालन नहीं करने तथा दायित्वों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही बरतने के आरोप भी सामने आए। जांच में यह भी पाया गया कि संबंधित कर्मचारी द्वारा अपने दायित्वों का निर्वहन जिम्मेदारीपूर्वक नहीं किया गया तथा कार्यालयीन कार्यप्रणाली प्रभावित होने की स्थिति निर्मित हुई। मामले में जारी कारण बताओ नोटिस के जवाब को असंतोषजनक पाए जाने के बाद कलेक्टर ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित किया है।
कलेक्टर द्वारा जारी आदेश में उल्लेख किया गया है कि संबंधित कर्मचारी की कार्यशैली के कारण मरीजों के स्वास्थ्य एवं जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना थी, जिससे जिला चिकित्सालय एवं प्रशासन की छवि भी प्रभावित हुई है। इसे गंभीर कदाचार, अनुशासनहीनता एवं पदीय दायित्वों के प्रति लापरवाही मानते हुए निलंबन की कार्रवाई की गई है। निलंबन अवधि में श्री पुरूषोत्तम कुंवर का मुख्यालय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फरसाबहार निर्धारित किया गया है। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।
