सूरजपुर पुलिस ने 50 लाख कीमत के 293 गुम मोबाईल नागरिकों को लौटाए.
विभिन्न जिलों व राज्यों से ट्रेस किए गए थे गुम मोबाईल.
साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल https://www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।
सूरजपुर : सूरजपुर पुलिस ने तकनीक और सतत प्रयासों के दम पर एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब 50 लाख रुपये मूल्य के 293 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए हैं। विभिन्न जिलों और राज्यों से ट्रेस किए गए इन स्मार्टफोनों की वापसी ने न केवल लोगों के चेहरों पर मुस्कान लौटाई, बल्कि पुलिस के प्रति उनका विश्वास भी मजबूत किया है। सीईआईआर पोर्टल की मदद से चलाए गए इस विशेष अभियान को जिले में साइबर सुरक्षा और जनसेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
जिले की पुलिस ने गुम मोबाईल के लिए विशेष अभियान चलाकर 50 लाख रूपये के 293 गुम मोबाईल बरामद करने में सफलता हासिल की है। इन मोबाईल को उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए गया हैं। नागरिकों ने मोबाइल वापस मिलने पर पुलिस का आभार जताया। यह कार्रवाई डीआईजी व एसएसपी सूरजपुर श्री प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देशन में की गई। अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन व गुम मोबाईल नोडल अधिकारी एसडीओपी अभिषेक पैंकरा का मार्गदर्शन रहा।

साइबर सेल प्रभारी जावेद मियादाद के नेतृत्व में साइबर सेल टीम ने जिले के सभी थाना-चौकी स्टॉफ के साथ मिलकर गुम मोबाइलों को ट्रेस किया। मोबाइलों की खोज Central Equipment Identity Register (CEIR) पोर्टल की तकनीकी सहायता से की गई। पुलिस ने विभिन्न जिलों और राज्यों से मोबाइल बरामद किए। इनमें एप्पल, सैमसंग, ओप्पो, विवो, रेडमी, वन प्लस जैसी कंपनियों के महंगे स्मार्टफोन शामिल हैं।
शुक्रवार 12 जून 2026 को जिला पुलिस कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम के दौरान डीआईजी व एसएसपी सूरजपुर द्वारा नागरिकों को उनके गुम मोबाईले सौंपे गए। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी। उन्होंने कहा कि तकनीक के बेहतर उपयोग और सतत अभियान के जरिए गुम मोबाइलों की बरामदगी तथा साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण का प्रयास लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई में आरक्षक युवराज यादव, रौशन सिंह, विनोद सारथी, दधिबल राजवाड़े व रायसिंह सक्रिय रहे।
साइबर अपराध पर भी दी सलाह –
सूरजपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने पर तुरंत सीईआईआर (CEIR) पोर्टल या नजदीकी थाना एवं साइबर सेल में सूचना दें। साथ ही साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल https://www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।
