दिव्यांगजनों के लिए विशेष प्रमाणीकरण एवं यूडीआईडी शिविर की संशोधित तिथियां जारी
24 जून को बगीचा में होगा शिविर
आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचने की अपील
जशपुर : कलेक्टर श्री रोहित व्यास के निर्देशानुसार जिले में दिव्यांगजनों के प्रमाणीकरण एवं यूनिक डिसएबिलिटी आईडी (यूडीआईडी) कार्ड निर्माण हेतु आयोजित किए जाने वाले शिविरों की पूर्व निर्धारित तिथियों में आंशिक संशोधन किया गया है। उप संचालक समाज कल्याण ने बताया कि जिले के दिव्यांगजनों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र, यूडीआईडी कार्ड निर्माण एवं पूर्व में जारी प्रमाण पत्रों के नवीनीकरण की सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार 24 जून 2026 को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बगीचा, 15 जुलाई को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पत्थलगांव, 19 अगस्त को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बगीचा, 09 सितम्बर को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कांसाबेल, 14 अक्टूबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र फरसाबहार, 18 नवम्बर को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कांसाबेल, 09 दिसम्बर को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र फरसाबहार, 13 जनवरी 2027 को जिला अस्पताल जशपुर, 17 फरवरी 2027 को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कुनकुरी तथा 17 मार्च 2027 को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मनोरा एवं 21 अप्रैल 2027 को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र दुलदुला में शिविर आयोजित किए जाएंगे।
उप संचालक समाज कल्याण विभाग ने बताया कि कि प्रथम शिविर 24 जून 2026 को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बगीचा में प्रातः 10 बजे से आयोजित होगा। इसमें जनपद पंचायत बगीचा क्षेत्र के समस्त दिव्यांगजनों का प्रमाणीकरण तथा पूर्व में जारी दिव्यांगता प्रमाण पत्रों का नवीनीकरण किया जाएगा। शिविर में शामिल होने वाले हितग्राहियों को आधार कार्ड, दिव्यांगता प्रमाण पत्र (यदि पूर्व में जारी हो), आधार से पंजीकृत मोबाइल नंबर, जिस पर ओटीपी प्राप्त होता हो तथा दिव्यांगता प्रदर्शित करने वाला नवीन फोटोग्राफ साथ लाना अनिवार्य होगा। जिन हितग्राहियों का मोबाइल नंबर आधार से लिंक नहीं है या अपडेट कराने की आवश्यकता है, वे शिविर में आने से पूर्व निकटतम आधार केंद्र में मोबाइल नंबर अपडेट करा लें। समाज कल्याण विभाग ने जिले के सभी दिव्यांगजनों एवं उनके परिजनों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि एवं स्थल पर उपस्थित होकर शासन द्वारा प्रदत्त इस महत्वपूर्ण सुविधा का लाभ अवश्य लें।
