गौ-तस्करों पर टूटा ‘शंखनाद’ का कहर : धरमजयगढ़ पुलिस का एक्शन, रातों-रात बूचड़खाने पहुंचाने की थी तैयारी ! ले जाए जा रहे 14 बैलों को कराया मुक्त, तस्करी के आरोप में दो आरोपी गिरफ्तार कर भेजे गए न्यायिक रिमांड पर.

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर जिले में गौ-वंशों को क्रूरता से बचाने और अवैध परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत धरमजयगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 14 गौ-वंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

दिनांक 20 जून 2026 को थाना धरमजयगढ़ पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम भंडारीमुड़ा के पास दो व्यक्ति गौ-वंशों को क्रूरतापूर्वक हांकते-पीटते बूचड़खाने में बिक्री के लिए ले जा रहे हैं। सूचना पर थाना प्रभारी धरमजयगढ़ निरीक्षक राजेश जांगड़े ने सहायक उपनिरीक्षक मंजु मिश्रा एवं हमराह स्टाफ के साथ तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।

मौके पर पुलिस ने 07 जोड़ी कुल 14 नग बैलों को चरखापारा की ओर हांकते ले जा रहे दो व्यक्तियों को पकड़ा। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम सियाराम राठिया (50 वर्ष) निवासी धौराभांठा तथा बलराम उरांव (45 वर्ष) निवासी धौराभांठा बरपाली, चौकी रैरूमा, थाना धरमजयगढ़ बताया। मवेशियों की खरीदी-बिक्री एवं परिवहन के संबंध में पूछताछ करने पर दोनों द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया तथा पूछताछ में मवेशियों को बूचड़खाने में बिक्री के लिए ले जाना पाया गया।

बिंकल विश्वास पिता सुदीप विश्वास निवासी धरमजयगढ़ कॉलोनी की लिखित शिकायत पर आरोपियों के विरुद्ध धारा 4, 6, 10 छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 एवं धारा 11 पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। आरोपियों से मवेशियों के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने कहा गया, किंतु वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर 14 नग गौ-वंशों को जप्त कर पशु चिकित्सक से उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया।

1. सियाराम राठिया पिता स्व. करमू राठिया, उम्र 50 वर्ष, निवासी धौराभांठा, चौकी रैरूमा, थाना धरमजयगढ़, जिला रायगढ़।

2. बलराम उरांव पिता स्व. सुखराम उरांव, उम्र 45 वर्ष, निवासी धौराभांठा बरपाली, चौकी रैरूमा, थाना धरमजयगढ़, जिला रायगढ़।

Related posts