छत्तीसगढ़ आबकारी विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 30 अधिकारियों के थोकबंद तबादले, आदेश जारी
रायपुर। प्रशासनिक व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने और कार्यप्रणाली में कसावट लाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ सरकार ने आबकारी विभाग में अब तक का एक बड़ा प्रशासनिक सर्जरी किया है । राज्य शासन के वाणिज्यिक कर (आबकारी) विभाग द्वारा सोमवार को एक साथ 30 वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादला आदेश जारी किए गए हैं ।
तत्काल प्रभाव से ‘एकपक्षीय भारमुक्त‘ करने का आदेश
अवर सचिव के. एल. कश्यप के हस्ताक्षर से जारी इस आधिकारिक आदेश में साफ किया गया है कि प्रशासनिक आधार पर किए गए ये तबादले तत्काल प्रभाव से लागू होंगे । कड़ा रुख अपनाते हुए शासन ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों को ‘एकपक्षीय भारमुक्त‘ (Relieve) कर दिया है, यानी उन्हें अपनी नई पदस्थापना पर तुरंत जॉइन करना होगा । आदेश में यह भी स्पष्ट निर्देशित है कि यदि अधिकारी नई जगह कार्यभार ग्रहण नहीं करते हैं, तो उनका आगामी वेतन पुरानी पदस्थापना से आहरित नहीं किया जा सकेगा ।
इन जिलों और विभागों में भी हुआ बदलाव
इस फेरबदल के तहत रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, बस्तर, जांजगीर-चांपा, कबीरधाम, बालोद, बेमेतरा, सक्ती, खैरागढ़-गंडई-छुईखदान, और मनेन्द्रगढ़-भरतपुर-चिरमिरी जैसे कई जिलों के आबकारी समीकरण बदले गए हैं । इसके अलावा छत्तीसगढ़ स्टेट बेवरेजेस कॉर्पोरेशन और विभिन्न उड़नदस्ता (फ़्लाइंग स्क्वाड) टीमों में भी नए प्रभार सौंपे गए हैं ।
विभाग के इस बड़े कदम को राज्य में राजस्व प्रबंधन को मजबूत करने और अवैध आबकारी गतिविधियों पर लगाम लगाने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है। सभी संबंधित कलेक्टर्स, आबकारी आयुक्त और कोषालय अधिकारियों को इस आदेश की प्रतिलिपि आवश्यक कार्यवाही हेतु भेज दी गई है ।

