साइबर ठगी के मामले में प्रयुक्त म्यूल एकाउंट दो खाता धारक समेत कुल चार आरोपी गिरफ्तार.
थाना कोतवाली एवं साइबर सेल पुलिस टीम द्वारा मामले में आरोपियों के विरुद्ध की गई सख़्ती से कार्यवाही.
आरोपियों के खाता में धोखाधड़ी अपराध से सम्बंधित रकम 42499/- रुपये एवं अन्य खाते में 22563/- रुपये प्राप्त होना पाये जाने पर की गई कार्यवाही.
साइबर ठगी के मामलो में उपयोग किये गए म्यूल एकाउंट खाताधारकों एवं संदिग्ध मोबाइल नम्बरों के विरुद्ध की जा रही लगातार सख़्त कार्यवाही.
मामले में अन्य आरोपी की गिरफ़्तारी शेष है, फरार आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जायगा.
अंबिकापुर : साइबर ठगी के बढ़ते मामलों के खिलाफ अंबिकापुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए म्यूल अकाउंट नेटवर्क से जुड़े चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों के बैंक खातों का उपयोग ऑनलाइन ठगी से प्राप्त रकम के लेन-देन के लिए किया जा रहा था। थाना कोतवाली और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में संदिग्ध खातों, मोबाइल नंबरों और आपराधिक षड्यंत्र के अहम साक्ष्य मिले हैं। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मामले का विवरण इस प्रकार हैं कि भारतीय साइबर अपराध समन्वय केन्द्र (I4C) द्वारा संचालित समन्वय पोर्टल से प्राप्त सूची अनुसार फर्जी मोबाइल नम्बरों को जारी करने वाले पॉइंट ऑफ़ सेल्स (पीओएस) एवं म्यूल अकाउंट खाता धारकों के विरुद्ध सख़्ती से कार्यवाही किये जाने के सम्बन्ध में पुलिस मुख्यालय रायपुर से दिशा निर्देश प्राप्त हुए हैं। इसी क्रम में दस्तावेज के अवलोकन पर म्यूल एकाउंट के मामले में संबंधित बैंक खाता धारक शुभम यादव आत्मज संतोष यादव साकिन बाबूपारा जोड़ातालाब अंबिकापुर के नाम से खाता संचालित है। सम्बंधित म्यूल खाते के विरुद्ध पुलिस पोर्टल में विभिन्न राज्यों में ऑनलाइन शिकायत दर्ज होना एवं उक्त खाते में 42499/- रूपये छलपूर्वक प्राप्त करने हेतु अपने सीम/बैंक खाता का उपयोग षडयंत्रपूर्वक किया जाना पाया गया एवं अन्य बैंक खाता धारक धीरज पाण्डेय आत्मज चन्द्रमा पाण्डेय साकिन संत गहिरा गुरु वार्ड क्रमांक 46 अंबिकापुर के नाम से खाता संचालित है। सम्बंधित म्यूल खाते के विरुद्ध पुलिस पोर्टल में विभिन्न राज्यों में ऑनलाइन शिकायत दर्ज होना एवं उक्त खाते में 22563/- रूपये छलपूर्वक प्राप्त करने हेतु संदिग्ध सीम/म्यूल बैंक खाता का उपयोग षडयंत्रपूर्वक किया जाना पाया गया। आरोपी शुभम यादव, धीरज पाण्डेय एवं शिवम यादव, कृष गुप्ता का कृत्य अपराध सदर धारा 318 (4), 317(4), 61(2) बी.एन.एस. का अपराध घटित करना पाये जाने से थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 428/26 धारा 318 (4), 317(4), 61(2) बी.एन.एस. का अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम द्वारा मामले के आरोपी शुभम यादव, धीरज पाण्डेय, शिवम यादव एवं कृष गुप्ता को पकड़कर पुछताछ की गई। जो आरोपियों द्वारा अपना नाम (01) शुभम यादव आत्मज स्व. संतोष यादव उम्र 26 वर्ष साकिन जोड़ातालाब के पास बाबूपारा अंबिकापुर, (02) धीरज पाण्डेय आत्मज चन्द्रमा पाण्डेय उम्र 20 वर्ष साकिन मठपारा शिवमंदिर के पास बिलासपुर चौक थाना मणीपुर, (03) शिवम् यादव आत्मज स्व. संतोष यादव उम्र 25 वर्ष साकिन जोड़ा तालाब के पास बाबूपारा अंबिकापुर, (04) कृष गुप्ता आत्मज शिवप्रसाद शाह उम्र 21 वर्ष साकिन मठपारा सिटी बस स्टैंड के पास थाना मणीपुर अंबिकापुर का होना बताया गया। आरोपियों से घटना के सम्बन्ध में पूछताछ किये जाने पर घटना कारित किया जाना स्वीकार किया गया एवं आरोपी धीरज पाण्डेय के द्वारा आरोपी शिवम यादव, कृष गुप्ता से बातचीत का आडियों अपने मोबाइल में होना बताते हुये पेश करने पर जप्त किया गया है। आरोपी शिवम् यादव एवं कृष गुप्ता द्वारा आपराधिक षड्यंत्र कर शुभम यादव एवं धीरज पाण्डेय का बैंक खाता खुलवाने हेतु सिम निकलवाकर बैंक खाता खुलवाकर धोखाधड़ी अपराध से सम्बंधित रकम लेन-देन करने में सहयोग किया जाना पाया गया है। आरोपियों के विरूद्ध अपराध घटित करना पाया जाने पर आरोपियों को प्रकरण में गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है, मामले में अन्य आरोपी की गिरफ़्तारी शेष है, जिसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जायगा।
इस प्रकरण की सम्पूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक शशिकान्त सिन्हा, उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह, साइबर सेल प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक अजीत मिश्रा, प्रधान आरक्षक विकास सिन्हा, आरक्षक मनीष सिंह, आरक्षक अमन पुरी, आरक्षक शिव राजवाड़े, आरक्षक मंटूलाल गुप्ता सक्रिय रहे हैं।
