जशपुर के 37 श्रद्धालुओं का वर्षों पुराना सपना होने जा रहा साकार! स्वर्ण मंदिर से माता वैष्णो देवी तक की होगी यात्रा, वाघा बॉर्डर भी देखेंगे तीर्थयात्री, मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत 6 दिन के सफर पर हुए रवाना!

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना: जशपुर के 37 श्रद्धालु अमृतसर, स्वर्ण मंदिर और माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए रवाना

वाघा बॉर्डर का भी करेंगे भ्रमण, 10 से 15 नवंबर तक निर्धारित है तीर्थ यात्रा

जशपुर : मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के माध्यम से जशपुर जिले के 37 श्रद्धालुओं का धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों की यात्रा का सपना साकार होने जा रहा है। इसी क्रम में आज सुबह 6 बजे जिले के तीर्थयात्रियों के दल को अमृतसर, पवित्र स्वर्ण मंदिर, माता वैष्णो देवी मंदिर के दर्शन एवं वाघा बॉर्डर के भ्रमण के लिए बस से रवाना किया गया। जनपद पंचायत जशपुर के अध्यक्ष श्री गंगाराम भगत एवं जनपद पंचायत सदस्य श्रीमती सावित्री सिंह ने बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग एवं जनपद पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। यात्रा में जिले के कुल 37 हितग्राही शामिल हैं, जिनमें वरिष्ठ नागरिकों के साथ विधवा एवं परित्यक्त महिलाएं भी शामिल हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यह तीर्थ यात्रा 10 नवंबर से 15 नवंबर 2026 तक चलेगी।

 तीर्थ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। वर्षों से धार्मिक स्थलों के दर्शन की अभिलाषा संजोए श्रद्धालु यात्रा पर रवाना होते समय काफी प्रसन्न नजर आए। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना उनके लिए किसी सौगात से कम नहीं है। इस योजना के माध्यम से उनका वर्षों पुराना सपना पूरा होने जा रहा है। श्रद्धालुओं ने कहा कि आर्थिक परिस्थितियों के कारण जिन धार्मिक स्थलों की यात्रा कर पाना उनके लिए संभव नहीं था, वहां अब शासन की इस योजना से दर्शन का अवसर मिल रहा है। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों एवं पात्र हितग्राहियों को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा कराने की एक महत्वपूर्ण पहल है। यह योजना श्रद्धालुओं को तीर्थाटन का अवसर प्रदान करने के साथ उनकी धार्मिक आस्था और वर्षों पुरानी इच्छाओं को पूरा करने में भी सहायक बन रही है।

Related posts