कलेक्टर रोहित व्यास की अध्यक्षता में जिला सहकारी विकास समिति की समीक्षा बैठक संपन्न
किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद बीज उपलब्ध कराने के दिए निर्देश
जशपुर : सहकारिता मंत्रालय भारत सरकार की स्थापना के 5 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारत सरकार एवं राज्य सरकार के निर्देशानुसार 29 जून 2026 से 6 जुलाई 2026 तक सहकारी सप्ताह में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी तारतम्य में कलेक्टर श्री रोहित व्यास की अध्यक्षता में जिला सहकारी विकास समिति (DCDC) की बैठक कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित की गई।
बैठक में सहकारिता की पहुंच जन-जन तक पहुंचाने हेतु विस्तृत चर्चा की गई एवं अधिकारियों को कलेक्टर श्री रोहित व्यास द्वारा समय-सीमा में निर्देश पूर्ण करने हेतु कहा गया। बैठक में पैक्स को मजबूत बनाने हेतु कॉमन सर्विस सेंटर द्वारा प्रदान की जा रही सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने के निर्देश दिए गए। साथ ही नाफेड, एन.सी.सी.एफ, एन.सी.इ.एल, एन.सी.ओ.एल, बी.बी.एस.एस.एल जैसी राष्ट्रीय स्तर की सहकारी संस्थाओं में जिला जशपुर की लैम्प्स समितियों की सदस्यता पर विशेष जोर देते हुए सदस्यता ग्रहण करने हेतु निर्देशित किया गया।
जिला जशपुर के कुनकुरी ब्लॉक में लैम्प्स समिति कुनकुरी के माध्यम से संचालित प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केन्द्र के सुचारू संचालन हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए।
जिले के मछुआ एवं दुग्ध समितियों जो वर्तमान में अकार्यशील है, उन्हें कार्यशील कराने एवं इस हेतु उचित कार्यवाही करने हेतु संबंधित विभागों को निर्देश दिये गये। खरीफ 2026 अंतर्गत कृषि ऋण वितरण की समीक्षा उपरांत कृषकों को लोन प्रदान करने तथा जिले में खाद-बीज की कमी न हो तथा कृषकों को सरल, सहज तथा आवश्यकतानुसार तत्काल नगद एवं खाद के रूप में ऋण वितरण सुनिश्चित किया जाए, इसके लिए कृषि, सहकारिता एवं अपेक्स बैंक को निर्देशित किया गया।
इसके अतिरिक्त लैम्प्स समितियों के माध्यम से कृषकों को तत्काल समिति स्तर पर माइक्रो ए.टी.एम. के माध्यम से राशि आहरण की सुविधा प्रदान की जा रही है, जिसका अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने तथा कृषकों को इसका लाभ पहुंचाने हेतु निर्देशित किया गया। जिले में नवगठित 20 समितियों द्वारा दी जा रही सुविधाओं के संबंध में भी विस्तार से चर्चा एवं उनके सफल क्रियान्वयन हेतु निर्देश दिया गया।
