नशे पर कलेक्टर रोहित व्यास का सख्त एक्शन प्लान: स्कूलों के 100 मीटर दायरे में तंबाकू बिक्री पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश

कलेक्टर रोहित व्यास की अध्यक्षता में एनकार्ड समिति की हुई बैठक

नशे के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई और व्यापक जनजागरूकता के निर्देश

कोटपा एक्ट, नारकोटिक एक्ट तथा आबकारी अधिनियम के तहत लगातार प्रभावी कार्रवाई  सुनिश्चित करने को कहा

जशपुर : कलेक्टर रोहित व्यास की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में एनकार्ड समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने जिले में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान की समीक्षा करते हुए प्रभावी कार्रवाई, सतत निगरानी एवं व्यापक जनजागरूकता अभियान को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए गए। बैठक में अपर कलेक्टर श्री प्रदीप कुमार साहू, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राकेश पाटनवार सहित सभी एसडीएम, एसडीओपी तथा स्वास्थ्य, आबकारी, पुलिस, यातायात एवं परिवहन विभाग के अधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर श्री व्यास ने कहा कि नशे के विरुद्ध केवल कार्रवाई ही नहीं, बल्कि लोगों में जागरूकता लाना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने नशे की लत से पीड़ित व्यक्तियों को उपचार के लिए नशा मुक्ति केंद्र जाने हेतु प्रेरित करने पर विशेष जोर दिया। इसके लिए नेशनल नारकोटिक्स हेल्पलाइन नंबर 1933 तथा नशा मुक्ति टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 14446 का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, ताकि जरूरतमंद लोग समय पर सहायता प्राप्त कर सकें।

       बैठक में कलेक्टर ने मादक पदार्थों की तस्करी पर कड़ी निगरानी रखने, नियमित जांच अभियान चलाने तथा लोगों में जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कोटपा एक्ट, नारकोटिक एक्ट तथा आबकारी अधिनियम के तहत लगातार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने विशेष रूप से सभी स्कूलों के 100 मीटर के दायरे में गुटखा, तंबाकू एवं अन्य प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए। नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के विरुद्ध संबंधित कानूनों के साथ-साथ गुमास्ता एक्ट के तहत भी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने शिक्षा विभाग एवं संबंधित संस्थानों को निर्देशित किया कि स्कूल, कॉलेज, छात्रावास एवं कोचिंग संस्थानों में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति नियमित रूप से जागरूक करें। साथ ही समाज कल्याण विभाग को नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित करने के निर्देश दिए, जिससे समाज में नशामुक्ति के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार हो सके।

       बैठक में कलेक्टर श्री व्यास ने आबकारी विभाग को राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजमार्गों पर स्थित होटल-ढाबों में अवैध शराब की बिक्री की नियमित जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पड़ोसी राज्यों से अवैध रूप से जिले में आने वाले मादक पदार्थों की तस्करी पर विशेष निगरानी रखने तथा संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर श्री व्यास ने नशे की लत से ग्रसित शासकीय अधिकारी एवं कर्मचारियों के प्रति सख्त कार्यवाही करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि ऐसे अधिकारी-कर्मचारियों को अनिवार्य रूप से एक माह तक नशा मुक्ति केंद्र में रहकर उपचार प्राप्त करना होगा। बैठक में उन्होंने नशामुक्त जशपुर के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई, सतत निगरानी और जनजागरूकता अभियान को प्राथमिकता के साथ संचालित करने के निर्देश दिए।

Related posts