जशपुर कलेक्टर रोहित व्यास ने ग्राम दोकड़ा पहुंचकर रथयात्रा महोत्सव की तैयारियों का लिया जायजा
भगवान श्री जगन्नाथ मंदिर परिसर का किया निरीक्षण
स्वच्छता, सुरक्षा, पार्किंग और रथयात्रा मार्ग की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के दिए निर्देश
जशपुर : भगवान श्री जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव को सुव्यवस्थित एवं भव्य रूप से आयोजित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने गुरुवार को कांसाबेल विकासखंड के ग्राम दोकड़ा पहुंचकर भगवान श्री जगन्नाथ मंदिर परिसर एवं रथयात्रा मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिर परिसर, आसपास की व्यवस्थाओं तथा रथयात्रा की तैयारियों का विस्तृत जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को समय रहते सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए। रथयात्रा कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के शामिल होने की संभावना को देखते हुए कलेक्टर ने आयोजन से जुड़ी प्रत्येक व्यवस्था को गंभीरता से परखा। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुचारू आवागमन सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बगीचा श्री प्रदीप राठिया, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, मंदिर समिति के सदस्यगण श्री ठाकुर पुरुषोत्तम सिंह, श्री बलराम भगत, श्री टंकेश्वर यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।
मंदिर परिसर में स्वच्छता और सौंदर्यीकरण पर विशेष जोर –
कलेक्टर श्री व्यास ने भगवान श्री जगन्नाथ मंदिर परिसर एवं आसपास साफ-सफाई की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए परिसर को पूरी तरह स्वच्छ एवं आकर्षक बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने मंदिर परिसर में लगाए जा रहे पेवर ब्लॉक कार्य का अवलोकन कर निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए इसे रथयात्रा से पूर्व पूर्ण करने के निर्देश दिए।कलेक्टर ने मंदिर से बाजार चौक तक प्रस्तावित रथयात्रा मार्ग का पैदल भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने पूरे मार्ग की साफ-सफाई, समतलीकरण एवं सुचारू आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि रथयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
पार्किंग, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था रहेगी सुदृढ़ –
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पार्किंग व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन एवं भीड़ नियंत्रण की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से विस्तृत चर्चा करते हुए श्रद्धालुओं की संख्या को ध्यान में रखकर व्यवस्थित भीड़ प्रबंधन एवं यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सड़क किनारे लगने वाली दुकानों को इस प्रकार व्यवस्थित किया जाए कि रथयात्रा के दौरान रथ के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। साथ ही उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि रथयात्रा मार्ग पर सड़क के ऊपर से गुजर रहे बिजली तारों का परीक्षण कर आवश्यक सुधार करें, ताकि रथयात्रा के दौरान किसी प्रकार की दुर्घटना या व्यवधान की स्थिति निर्मित न हो।
नाली निर्माण कार्य भी शीघ्र पूरा करने के निर्देश –
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मंदिर मार्ग के किनारे गली में चल रहे नाली निर्माण कार्य का भी अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित एजेंसी को निर्माण कार्य में तेजी लाकर इसे निर्धारित समय में पूर्ण करने के निर्देश दिए, जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए रथयात्रा महोत्सव को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के निर्देश दिए।
