कवर्धा में भाजपा के नए जिला कार्यालय का लोकार्पण: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बोले— यह भवन नहीं, राष्ट्रसेवा और देवतुल्य कार्यकर्ताओं को समर्पित संगठन का देवालय है

देवतुल्य कार्यकर्ताओं को समर्पित भाजपा का नवीन जिला कार्यालय राष्ट्रसेवा का नया केंद्र बनेगा : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

संगठन की शक्ति से साकार होगा विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प, कवर्धा में नवीन भाजपा जिला कार्यालय का लोकार्पण

भाजपा कार्यालय केवल भवन नहीं, राष्ट्रसेवा और संगठन साधना का देवालय है : मुख्यमंत्री

कवर्धा : भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक विस्तार और जनसेवा के संकल्प को नई ऊर्जा प्रदान करने की दिशा में कबीरधाम जिले में नवनिर्मित भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय का भव्य लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में नवीन कार्यालय का लोकार्पण किया। समारोह में भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जाम्वाल, प्रदेश महामंत्री (संगठन) पवन साय, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन, सांसद राजनांदगांव संतोष पांडेय, विधायक पंडरिया भावना बोहरा, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणिग्रही, भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष नंदन जैन, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेंद्र चंद्रवंशी सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, बड़ी संख्या में संगठन कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

 मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने उद्बोधन में कहा कि सशक्त संगठन ही जनसेवा की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कहा कि यह नवीन जिला कार्यालय संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति देने, कार्यकर्ताओं को सशक्त मंच उपलब्ध कराने तथा जनसेवा के संकल्प को और अधिक मजबूती प्रदान करने का केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा की अखंड साधना है। हमारे लिए संगठन का प्रत्येक कार्यालय किसी भवन का स्वरूप नहीं, बल्कि एक देवालय है, जहां राष्ट्र प्रथम का मंत्र, सेवा का भाव और अंत्योदय का संकल्प प्रतिदिन जीवंत होता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कार्यालय देवतुल्य कार्यकर्ताओं को समर्पित है, जिनके त्याग, समर्पण, सेवा और अथक परिश्रम ने संगठन को निरंतर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि संगठन की यही शक्ति विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। मुख्यमंत्री ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह द्वारा नवीन कार्यालय भवन में लिफ्ट स्थापित किए जाने के प्रस्ताव को तत्काल स्वीकृति प्रदान करते हुए इसकी घोषणा की, जिसका उपस्थित कार्यकर्ताओं ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि कवर्धा में स्थापित यह नवीन जिला कार्यालय संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की ऊर्जा और जनसेवा के संकल्प को नई दिशा देगा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की वास्तविक ताकत है और यह कार्यालय आने वाले वर्षों में संगठनात्मक गतिविधियों का प्रभावी केंद्र बनेगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों को इस अवसर पर शुभकामनाएं देते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यालय राष्ट्रसेवा, संगठन की शक्ति, कार्यकर्ताओं के समर्पण और जनकल्याण के संकल्प का जीवंत केंद्र होता है। उन्होंने कहा कि यह नवीन कार्यालय संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के साथ-साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा और विकास की योजनाओं को पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए समर्पण और सक्रियता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जाम्वाल ने अपने संबोधन में कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति उसके अनुशासित और समर्पित कार्यकर्ताओं में निहित होती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की मर्यादा, अनुशासन और कार्यपद्धति का अक्षरशः पालन करने का आग्रह करते हुए कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता स्वयं संगठन का प्रतिनिधि होता है। उन्होंने कहा कि निरंतर संवाद, सेवा, संगठन विस्तार और बूथ स्तर तक सक्रियता ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचकर राष्ट्रहित और संगठन हित को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह भवन केवल एक कार्यालय नहीं, बल्कि भारतीय जनता पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता की आस्था, समर्पण और संगठन के प्रति अटूट निष्ठा का मंदिर है। इसकी प्रत्येक ईंट उन अनगिनत कर्मठ कार्यकर्ताओं के त्याग, तपस्या और अथक परिश्रम की गाथा कहती है, जिन्होंने पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए अपना सर्वस्व समर्पित किया है। उन्होंने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि यह कार्यालय संगठन और जनसेवा दोनों के लिए नए युग की शुरुआत करेगा।

Related posts