निर्णायक बैठक में बड़ा एक्शन! कुनकुरी मेडिकल कॉलेज की तैयारियों पर आयुक्त नरेंद्र दुग्गा सख्त, NMC के हर मानक तय समय में पूरा करने के दिए कड़े निर्देश

एनएमसी के सभी मानकों के अनुरूप समय पर पूरी हों अधोसंरचना और मानव संसाधन की व्यवस्थाएं : आयुक्त श्री दुग्गा

इसी सत्र से शुरू होगी शासकीय मेडिकल कॉलेज में पढ़ाई

50 एमबीबीएस सीटों के संचालन की तैयारियां तेज

आयुक्त श्री नरेंद्र दुग्गा ने ली प्रथम स्वशासी समिति की बैठक

जशपुर :  जिले के लिए स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में जशपुर में मेडिकल शिक्षा की पढ़ाई इसी सत्र से होगी। इसी तारतम्य में सरगुजा संभाग के आयुक्त श्री नरेंद्र दुग्गा की अध्यक्षता में शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, कुनकुरी के संचालन के लिए आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में प्रथम स्वशासी समिति (प्रबंधकारी सभा) की बैठक आयोजित हुई। बैठक में मेडिकल कॉलेज के संचालन, अधोसंरचना विकास, मानव संसाधन, वित्तीय प्रबंधन तथा इसी शैक्षणिक सत्र से एमबीबीएस की पढ़ाई प्रारंभ कराने की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में कलेक्टर श्री रोहित व्यास, मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. एस.पी. कुजूर, मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. बी.आर. सिंह, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी.एस. जात्रा, चिकित्सा शिक्षा विभाग के अधिकारी, मेडिकल कॉलेज के प्रोफेसर तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

इसी सत्र से 50 सीटों पर शुरू होगी एमबीबीएस की पढ़ाई –

बैठक में आयुक्त श्री नरेंद्र दुग्गा ने बताया कि राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) द्वारा शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, कुनकुरी को इसी शैक्षणिक सत्र से 50 एमबीबीएस सीटों के संचालन की अनुमति प्रदान कर दी गई है। आगामी कुछ सप्ताह में काउंसलिंग प्रक्रिया प्रारंभ होते ही 50 विद्यार्थियों का प्रवेश होगा और नियमित शैक्षणिक गतिविधियां शुरू हो जाएंगी।

उन्होंने कहा कि यह मेडिकल कॉलेज जशपुर जिले के साथ-साथ पूरे सरगुजा संभाग के लिए चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। इससे स्थानीय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा का अवसर मिलेगा तथा जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को भी नई मजबूती प्राप्त होगी।

पॉलीटेक्निक कॉलेज सहित जिला अस्पताल में होगी प्रारंभिक व्यवस्था –

बैठक में बताया गया कि मेडिकल कॉलेज के स्थायी भवन के निर्माण तक झरगांव स्थित पॉलीटेक्निक कॉलेज, छात्रावास परिसर, जिला अस्पताल, मातृ एवं शिशु अस्पताल तथा क्रिटिकल केयर यूनिट में मेडिकल कॉलेज का संचालन किया जाएगा। वहीं स्थायी परिसर के लिए चराईडांड, मयाली एवं खंडसा ग्राम पंचायतों में भूमि का चिन्हांकन एवं आबंटन किया जा चुका है। आयुक्त ने पॉलीटेक्निक कॉलेज की उपलब्ध अधोसंरचना, भवन, छात्रावास तथा अन्य परिसंपत्तियों की जानकारी लेते हुए मेडिकल कॉलेज संचालन के अनुरूप आवश्यक सुधार एवं निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेडिकल कॉलेज से जुड़े सभी निर्माण एवं अधोसंरचना संबंधी कार्य राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई निर्धारित समय पर शुरू हो सके। बैठक में डीन डॉ. एस.पी. कुजूर ने लेक्चर हॉल, डाईसेक्शन हॉल, प्रयोगशालाएं, लाइब्रेरी, प्रैक्टिकल कक्ष तथा अन्य शैक्षणिक सुविधाओं की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि आवश्यक सुधार एवं निर्माण कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं और जल्द ही सभी व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली जाएंगी।

मानव संसाधन की उपलब्धता पर विशेष जोर –

बैठक में मेडिकल कॉलेज के सफल संचालन के लिए आवश्यक प्रोफेसर, असिस्टेंट प्रोफेसर, रेजिडेंट डॉक्टर, लिपिकीय स्टाफ, पैरामेडिकल कर्मचारी, सुरक्षा कर्मी तथा सफाई कर्मचारियों की उपलब्धता पर विस्तार से चर्चा की गई। आयुक्त श्री दुग्गा ने निर्देश दिए कि चिकित्सा शिक्षकीय पदों की पूर्ति की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ाई जाए। वहीं प्रारंभिक चरण में आवश्यक लिपिकीय, पैरामेडिकल, सुरक्षा एवं सफाई कर्मियों की व्यवस्था प्लेसमेंट एजेंसी के माध्यम से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि प्रवेश प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए अनुभवी कर्मचारियों को प्राथमिकता दी जाए।

स्वशासी समिति के प्रभावी संचालन और वित्तीय पारदर्शिता पर चर्चा –

बैठक में मेडिकल कॉलेज की स्वशासी समिति की नियमावली को प्रभावी ढंग से लागू करने तथा स्वशासी निधि के बेहतर प्रबंधन पर भी चर्चा हुई। साथ ही आदर्श सेवा भर्ती नियम 2019 संशोधित 2020 को अंगीकार किए जाने पर चर्चा हुई।आयुक्त ने कहा कि संस्थान के सुचारु, पारदर्शी एवं उत्तरदायी संचालन के लिए वित्तीय अनुशासन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बुक कीपिंग, लेखा-जोखा एवं वित्तीय अभिलेखों का नियमित संधारण सुनिश्चित करने तथा समिति के माध्यम से सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए।

हॉस्टल, फर्नीचर, वाहन एवं आवश्यक सामग्री की शीघ्र होगी खरीदी –

बैठक में मेडिकल कॉलेज के लिए आवश्यक रेजिडेंट डॉक्टरों के आवास, वाहन व्यवस्था, हॉस्टल में बेड, फर्नीचर, प्रयोगशाला सामग्री, शैक्षणिक उपकरण तथा अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई। आयुक्त श्री दुग्गा ने निर्देश दिए कि सभी आवश्यक सामग्रियों की सूची तैयार कर खरीदी प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण की जाए, ताकि मेडिकल कॉलेज के संचालन में किसी प्रकार की बाधा न आए। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए समयबद्ध रूप से तैयारियां पूर्ण करेंगे, जिससे शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय कुनकुरी में इसी शैक्षणिक सत्र से गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा का सफल शुभारंभ सुनिश्चित किया जा सके।

Related posts