नक्सल मुक्त क्षेत्रों में सतत सर्च अभियान जारी, संयुक्त सुरक्षा बलों ने हथियार एवं विस्फोटक सामग्री का डंप बरामद.
44वीं वाहिनी आईटीबीपी एवं जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई : नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियार, विस्फोटक एवं अन्य सामग्री बरामद.
नारायणपुर : नारायणपुर में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों को पूरी तरह सुरक्षित बनाने के लिए संयुक्त सुरक्षा बलों का अभियान लगातार जारी है। 44वीं वाहिनी आईटीबीपी और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन के दौरान जंगल से नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया हथियारों और विस्फोटक सामग्री का बड़ा डंप बरामद किया। सुरक्षा बलों का कहना है कि क्षेत्र में शांति बनाए रखने और नक्सली गतिविधियों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
नारायणपुर जिले में नक्सल मुक्त हुए क्षेत्रों में शांति एवं सुरक्षा की स्थिति को सुदृढ़ बनाए रखने तथा नक्सलियों द्वारा पूर्व में छिपाकर रखे गए हथियार, विस्फोटक एवं अन्य सामग्री की बरामदगी के उद्देश्य से संयुक्त सुरक्षा बलों द्वारा लगातार सर्च अभियान संचालित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में दिनांक 25 जुलाई 2026 को थाना ओरछा क्षेत्रांतर्गत कैंप पदमेटा से पदगुंडा–करसेनार की ओर 44वीं वाहिनी आईटीबीपी एवं जिला पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा सघन सर्चिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान कैंप पदमेटा से उत्तर दिशा स्थित ग्राम पदगुंडा – करसेनार में जंगल पहाड़ क्षेत्र से नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया एक डंप बरामद किया गया।
बरामद सामग्री में सम्मिलित है —
* 01 नग 12 बोर रायफल
* 55 नग 12 बोर कारतूस
* 04 नग 51 मिमी स्थानीय निर्मित मोर्टार शेल
* 25 नग लोहे के भाले
* 01 नग बैटरी
* 01 नग स्टील कंटेनर
* 01 नग भाकपा (माओवादी) का झंडा
बरामद समस्त सामग्री को नियमानुसार जप्त कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि नारायणपुर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सुरक्षा बलों के लगातार अभियानों एवं स्थानीय नागरिकों के सहयोग से नक्सल गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हुआ है। इसके उपरांत भी संयुक्त सुरक्षा बल किसी भी प्रकार की नक्सली गतिविधि की पुनरावृत्ति को रोकने, छिपाकर रखे गए हथियारों एवं विस्फोटक सामग्री की बरामदगी तथा आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सघन सर्च अभियान निरंतर संचालित कर रहे हैं।
नारायणपुर पुलिस नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु, गतिविधि अथवा नक्सल संबंधी सूचना की जानकारी तत्काल निकटतम थाना अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को दें। आपकी पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।
