छत्तीसगढ़ में IAS अधिकारियों की नई पोस्टिंग का बड़ा आदेश जारी, 2020 और 2024 बैच के अफसर बने एसडीएम, 21 अगस्त से संभालेंगे नई जिम्मेदारी

रायपुर : छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के वर्ष 2020 एवं 2024 बैच के परिवीक्षाधीन अधिकारियों की नई पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर से जारी आदेश के अनुसार अधिकारी लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी, मसूरी में फेज-2 प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद 21 अगस्त 2026 से अपने नए पदों पर कार्यभार ग्रहण करेंगे।

जारी आदेश के तहत आईएएस (2020 बैच) के अधिकारी अनिकेत अशोक फंडरे, जो वर्तमान में जशपुर में सहायक कलेक्टर हैं, उन्हें कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) के पद पर पदस्थ किया गया है।

वहीं आईएएस (2024 बैच) के अधिकारियों में अरविंद कुमार टी. को बिलासपुर से डभरा (जिला सक्ती), अक्षय चौधरी को रायगढ़ से डोंगरगढ़ (जिला राजनांदगांव), क्षितिज गुरभेले को कोरबा से घरघोड़ा (जिला रायगढ़) तथा विष्णु डेहरे को बस्तर से कटघोरा (जिला कोरबा) में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) के रूप में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव द्वारा जारी इस आदेश के साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्धारित तिथि पर नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। राज्य शासन का यह प्रशासनिक फेरबदल जिला स्तर पर प्रशासनिक कार्यों को और अधिक प्रभावी तथा सुचारु बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Related posts