गांव के मंदिर चौक पर विवाद ने लिया खौफनाक रूप! युवक को जान से मारने की नीयत से सिर पर बरसाया लकड़ी का बत्ता, खून लगे कपड़े और हथियार जब्त, 3 गिरफ्तार

ग्राम छेरकापुर में विवाद कर जान से मारने की नीयत से लकड़ी के बत्ते से किया था प्राणघातक हमला!

पलारी पुलिस की वैधानिक कार्रवाई: घटना में प्रयुक्त लकड़ी का बत्ता खून लगे कपड़े जब्त, आरोपी गिरफ्तार

बलौदाबाजारभाटापारा : जिला बलौदाबाजार-भाटापारा में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा हिंसा कारित करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस अधीक्षक के निर्देशों के तहत थाना पलारी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ग्राम छेरकापुर में आपसी विवाद के दौरान एक युवक पर लकड़ी के बत्ते से प्राणघातक हमला करने वाले तीनों आरोपियों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया गया है।

घटना का विवरण:- प्रार्थी वंशराम वर्मा (उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम छेरकापुर) ने थाना पलारी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 13/08/2026 की रात्रि करीब 09:30 बजे गांव के राम सागर पारा मंदिर चौक के पास गणेश पर्व में मूर्ति बैठाने के संबंध में बैठक चल रही थी। बैठक में जोर-जोर से बात करने की बात को लेकर पास में रहने वाले चित्रकांत वर्मा, लोकेश्वर वर्मा एवं विजय वर्मा एक राय होकर आए और गंदी-गंदी गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी देकर मारपीट करने लगे। इसी दौरान आरोपी चित्रकांत वर्मा ने जान से मारने की नीयत से हाथ में रखे लकड़ी के बत्ते से प्रार्थी के भाई लेखराम वर्मा के सिर पर घातक वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर अचेत हो गया। बीच-बचाव करने आए प्रार्थी वंशराम वर्मा के साथ भी आरोपियों ने लकड़ी के बत्ते से मारपीट कर चोट पहुंचाई।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई एवं डॉक्टरी इलाज:- घटना की गंभीरता को देखते हुए पलारी पुलिस ने तत्काल प्रार्थी की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 338/2026, धारा 296, 351(3),115(2),109,3(5) बीएनएस पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया। गंभीर रूप से घायल लेखराम वर्मा को प्राथमिक उपचार के बाद, श्रीराम अस्पताल बलौदाबाजार में भर्ती कराया गया, जहां वे आईसीयू (ICU) में उपचाराधीन हैं। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का सूक्ष्मता से निरीक्षण किया। थाना पलारी पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार किया। मुख्य आरोपी चित्रकांत वर्मा के मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त आला कत्ल (लकड़ी का बत्ता) आदि विधिवत जब्त किए गए। प्रकरण में पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया की था रही है।

गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:

1. चित्रकांत वर्मा पिता विजय वर्मा, उम्र 31 वर्ष निवासी: ग्राम छेरकापुर, थाना पलारी

2. लोकेश्वर उर्फ लोकू उर्फ लोकेश वर्मा पिता विजय वर्मा, उम्र 28 वर्ष निवासी: ग्राम छेरकापुर, थाना पलारी

3. विजय कुमार वर्मा पिता मंशा राम वर्मा, उम्र 54 वर्ष निवासी: ग्राम छेरकापुर, थाना पलारी

Related posts