बाजार में खरीदारी करने गए और नो-पार्किंग में खड़ी कर दी गाड़ी तो हो सकती है बड़ी कार्रवाई! दुर्ग-भिलाई में ट्रैफिक पुलिस सख्त, क्रेन और ई-चालान से कस रहा शिकंजा, दुकानदारों को भी दी गई चेतावनी

लगातार त्योहारी सीजन में बाजारों में यातायात व्यवस्था सुधारने यातायात पुलिस का प्रयास जारी, नो-पार्किंग में खड़े वाहनों पर लगातार कार्यवाही की जा रही है।

दुर्ग-भिलाई के प्रमुख बाजारों एवं व्यस्त मार्गों में क्रेन से उठाए जा रहे दोपहिया वाहन, चारपहिया वाहनों पर ई-चालान की कार्यवाही।

दुकानदारों को सड़क में समान ना रखने लगातार समझाईश दी जा रही है।

नो-पार्किंग में खड़े दोपहिया वाहनों को क्रेन के माध्यम से हटाकर यातायात कार्यालय भेजा जा रहा है।

नो-पार्किंग में खड़े चारपहिया वाहनों के विरुद्ध ई-चालान की कार्यवाही की जा रही है।

दुर्ग : पुलिस उप महानिरीक्षक / वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग के निर्देशानुसार यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा जिले में सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से नो-पार्किंग में वाहन खड़े करने वालों के विरुद्ध लगातार कार्यवाही की जा रही है।

लगातार त्योहारी सीजन होने पर यातायात पुलिस द्वारा बाजारों एवं प्रमुख व्यस्त मार्गों में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने विशेष अभियान जारी रखा गया है। इसके अंतर्गत दुर्ग शहर के स्टेशन रोड, इंदिरा मार्केट, सराफा मार्केट एवं समृद्धि मार्केट तथा भिलाई क्षेत्र के नेहरू नगर से सूर्या मॉल रोड, सुपेला संडे मार्केट, पावर हाउस मार्केट एवं सिविक सेंटर मार्केट में लगातार पेट्रोलिंग एवं कार्यवाही की जा रही है। अभियान के दौरान नो-पार्किंग में खड़े दोपहिया वाहनों को क्रेन के माध्यम से उठाकर यातायात कार्यालय भेजा जा रहा है, वहीं नो-पार्किंग में खड़े चारपहिया वाहनों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत ई-चालान की कार्यवाही की जा रही है।

यातायात पुलिस का उद्देश्य केवल चालानी कार्रवाई करना नहीं, बल्कि बाजारों एवं प्रमुख मार्गों पर लगने वाले जाम से आम नागरिकों को राहत दिलाना तथा पैदल चलने वाले राहगीरों एवं वाहन चालकों के लिए सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करना है।

अपील :- यातायात पुलिस दुर्ग की आम नागरिकों से अपील है आम नागरिक एवं वाहन चालक अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करें। सड़क किनारे, दुकानों के सामने, मुख्य मार्गों एवं नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा कर यातायात बाधित न करें। बाजार आने वाले नागरिक पार्किंग की उपलब्ध व्यवस्था का उपयोग करें तथा यातायात पुलिस का सहयोग करें।आपका थोड़ा सा अनुशासन, शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बना सकता है।

Related posts