अंतर्राज्यीय रेलवे टिकट दलाल गिरोह का भंडाफोड़
बैकुंठपुर से बनारस तक फैले टिकट दलाली नेटवर्क का RPF बिलासपुर ने किया खुलासा
बिलासपुर : दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल में वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त श्री सौरव कुमार के नेतृत्व में रेलवे आरक्षित टिकटों की अनधिकृत खरीद-बिक्री के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत RPF ने एक अंतर्राज्यीय टिकट दलाल गिरोह का भंडाफोड़ किया है।
RPF निरीक्षक अंबिकापुर सुनीता मिंज की जांच में बैकुंठपुर के सिटी PRS से बनारस/भदोही (उत्तर प्रदेश) तक फैले टिकट दलाली नेटवर्क का खुलासा हुआ। जांच में सिटी PRS जिसका संचालन जिला प्रशासन से जुड़े संविदा कर्मचारी द्वारा टिकट तैयार कर बनारस भेजने, वहां दलाल द्वारा ग्राहकों को अधिक कीमत पर टिकट उपलब्ध कराने तथा बस चालक के माध्यम से टिकट पहुंचाने की जानकारी सामने आई।
जांच के दौरान आरोपियों के मोबाइल से WhatsApp चैट के माध्यम से 60 रेलवे आरक्षित टिकटों से संबंधित सामग्री बरामद हुई, जिनकी कुल टिकट कीमत लगभग ₹3.68 लाख है। इनमें 14 टिकटों पर PNR एवं अन्य विवरण हस्तलिखित पाए गए। गिरोह द्वारा टिकटों पर अवैध रूप से कमीशन एवं अतिरिक्त राशि अर्जित की जा रही थी। टिकटों को बैकुंठपुर से बनारस पहुंचाने के लिए बस सेवा का उपयोग किया जाता था।
मामले में रेल अधिनियम की धारा 143 के तहत तीन आरोपियों—अविनाश कुमार (35), कोरिया; संजय विश्वकर्मा (48), भदोही, उत्तर प्रदेश तथा रवि शंकर (38), सूरजपुर को गिरफ्तार कर प्रकरण में संबद्ध किया गया है। अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की जांच एवं गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
RPF की कार्रवाई से टिकट तैयार करने से लेकर एक राज्य से दूसरे राज्य तक पहुंचाने और ग्राहकों को बेचने तक की पूरी अवैध श्रृंखला का खुलासा हुआ है। यह कार्रवाई रेलवे की टिकट दलाली एवं कालाबाजारी के विरुद्ध “Zero Tolerance” नीति को दर्शाती है | साथ ही यात्रियों को निष्पक्ष एवं सुगम आरक्षण सुविधा उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता को मजबूत करती है।
