नशे के सौदागरों पर पुलिस का बड़ा वार : प्रेमनगर पुलिस की नाकाबंदी में पकड़ा गया गांजा तस्करी का बड़ा खेल, 88 किलो से ज्यादा गांजा बोलेरो वाहन सहित जब्त, आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में हुई कार्रवाई.

पुलिस अधीक्षक श्री योगेश कुमार पटेल (भापुसे) ने जिले में नशे के अवैध कारोबार पर पूर्णतः अंकुश लगाने तथा नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में दिनांक 19.08.2026 के रात्रि में थाना प्रेमनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक सफेद रंग का बोलेरो वाहन क्रमांक सीजी 16 सीएन 7570 में अवैध गांजा परसाकेते की ओर से बचरापोड़ी जिला कोरिया की ओर जा रहा है।

इस सूचना पर थाना प्रेमनगर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ग्राम रघुनाथपुर चौक के पास नाकाबंदी लगाकर उक्त बोलेरो वाहन को रोकने का प्रयास किया, बोलेरो वाहन चालक पुलिस को देखकर बस्ती की ओर भागा, जिसे घेराबंदी कर ब्रम्हपुर में पकड़ा गया। पूछताछ पर पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम उमरे आजम उर्फ नान्हू खान पिता स्व. अयुब खान उम्र 40 वर्ष निवासी ग्राम पोड़ी (बचरा), थाना बैकुण्ठपुर जिला कोरिया का होना बताया। पूछताछ में उसने यह भी बताया कि पुलिस द्वारा रोकवाने का प्रयास करने पर भागते समय अपने वाहन को हास्पिटल परिसर में छिपाकर वाहन को छोड़कर बाईक से लिफ्ट लेकर भाग रहा था और उक्त वाहन में गांजा है। पुलिस आरोपी को लेकर मौके पर पहुंची जहां उसके निशानदेही पर 88 किलो 430 ग्राम गांजा जप्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 44 लाख रुपये है।

पुलिस ने गांजा एवं परिवहन में प्रयुक्त बोलेरो वाहन जप्त कर आरोपी के विरूद्ध धारा 20(बी),(आईआई),(सी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई में एएसआई गुड्डू कुशवाहा, सुप्रियन टोप्पो, पीएसआई पुलेश्वर धु्रव, प्रधान आरक्षक विनय किस्पोट्टा, , प्रधान आरक्षक प्रमोद लकड़ा, आरक्षक सत्यम सिंह, आरक्षक हरिशचंद दास, आरक्षक दीपक यादव, आरक्षक बृजेश काशी व आरक्षक संतोष ठाकुर की सक्रिय भूमिका रही है।

Related posts