साइबर जागृति अभियान के अंतर्गत केदमा हायर सेकेंडरी स्कूल, हायर सेकेंडरी स्कूल बरगीडीह, उर्सुलाइन हिंदी मीडियम स्कूल, मेंड्राकला हाई स्कूल, शासकीय नवीन महाविद्यालय लखनपुर में उपस्थित छात्र एवं छात्राओं एवं नागरिकों को किया गया जागरूक
अंबिकापुर : डीआईजी/एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल (भा.पु.से.) के दिशा निर्देशन में एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नोडल अधिकारी साइबर सेल रितेश चौधरी के कुशल नेतृत्व में जिला अंतर्गत प्रथम सप्ताह सभी स्कूल – कॉलेज एवं अन्य शिक्षण संस्थानों में “साइबर जागृति अभियान” आयोजित किया जा रहा है!
साइबर अपराधों के प्रति युवाओं में जागरूकता बढ़ाने तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से संचालित साइबर जागृति अभियान के अंतर्गत केदमा हायर सेकेंडरी स्कूल, हायर सेकेंडरी स्कूल बरगीडीह, उर्सुलाइन हिंदी मीडियम स्कूल, मेंड्राकला हाई स्कूल, शासकीय नवीन महाविद्यालय लखनपुर में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्कूल के छात्र एवं छात्राओं एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान छात्र छात्राओं एवं नागरिकों को वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों एवं ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी गई। विशेष रूप से OTP, UPI एवं QR Code फ्रॉड, फर्जी लिंक, APK फाइल, फर्जी कस्टमर केयर नंबर, सोशल मीडिया फ्रॉड, फर्जी प्रोफाइल, अनजान वीडियो कॉल, सेक्सटॉर्शन एवं डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से समझाया गया।
छात्र छात्राओं एवं नागरिकों को बताया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, PIN, CVV, पासवर्ड अथवा बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने, अनजान APK फाइल डाउनलोड करने तथा किसी के कहने पर QR Code स्कैन करने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें। साथ ही सोशल मीडिया पर निजी फोटो, वीडियो एवं व्यक्तिगत जानकारी साझा करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई।
साइबर अपराध होने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई के महत्व को समझाते हुए छात्राओं को राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 तथा cybercrime.gov.in के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि साइबर ठगी का शिकार होने पर बिना देरी किए शिकायत दर्ज कराने से ठगी गई राशि को रोकने की संभावना बढ़ जाती है।
कार्यक्रम के दौरान “जागरूकता की एक Selfie” अभियान के अंतर्गत छात्राओं को जागरूकता QR Code के संबंध में जानकारी दी गई। छात्र छात्राओं एवं नागरिकों को QR Code के माध्यम से साइबर जागरूकता अभियान से जुड़ने तथा साइबर सुरक्षा से संबंधित संदेशों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया। अभियान के प्रति जागरूकता एवं सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से छात्र छात्राओं एवं नागरिकों द्वारा QR Code के साथ Selfie भी ली गई।
उपरोक्त कार्यक्रम में उर्सुलाइन हिंदी मीडियम स्कूल की प्राचार्या श्रीमती रेजिना लकड़ा, नवा बिहान टीम की ओर से अजय तिवारी, मंगल पाण्डेय, निरीक्षक प्रदीप जायसवाल, उप निरीक्षक अश्वनी दीवान, उप निरीक्षक अभय तिवारी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक हर्ष कुमार, सहायक उप निरीक्षक अनिल पाण्डेय, राहुल केरकेट्टा, दशरथ राजवाड़े सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान छात्र छात्राओं एवं नागरिकों ने साइबर अपराध से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे तथा पुलिस एवं साइबर जागरूकता टीम द्वारा उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। लगभग 1000 छात्र छात्राओं एवं नागरिकों की सहभागिता वाले इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को साइबर अपराधों के प्रति सजग एवं सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के लिए प्रेरित करना रहा। छात्र छात्राओं एवं नागरिकों ने स्वयं जागरूक रहने तथा अपने परिवार एवं समाज के अन्य लोगों को भी साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
सतर्क रहें, सुरक्षित रहें।आपकी जागरूकता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।
