बिलासपुर–चिरमिरी-बिलासपुर एक्सप्रेस एवं चिरमिरी–चंदिया रोड-चिरमिरी पैसेंजर में आधुनिक एलएचबी कोचों का प्रावधान
यात्रियों को मिलेगा अधिक आराम, बेहतर सुरक्षा एवं आधुनिक यात्रा सुविधा का लाभ
बिलासपुर : दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक एवं आधुनिक रेल यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ट्रेनों के पारंपरिक कोचों को चरणबद्ध तरीके से आधुनिक एलएचबी कोचों से प्रतिस्थापित किया जा रहा है।
इसी क्रम में बिलासपुर मंडल से चलने वाली गाड़ी संख्या 18257/18258 बिलासपुर–चिरमिरी–बिलासपुर एक्सप्रेस में पारंपरिक कोचों के स्थान पर आधुनिक एलएचबी कोच लगाए जा रहे हैं। यह ट्रेन बिलासपुर से 01 नवंबर 2026 से तथा चिरमिरी से 02 नवंबर 2026 से एलएचबी कोचों के साथ संचालित होगी।
इसी प्रकार गाड़ी संख्या 58221/58222 चिरमिरी–चंदिया रोड–चिरमिरी पैसेंजर में भी आधुनिक एलएचबी कोचों की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। यह ट्रेन चिरमिरी से 02 नवंबर 2026 से तथा चंदिया रोड से 02 नवंबर 2026 से एलएचबी कोचों के साथ संचालित होगी।
यात्रियों को मिलेंगे आधुनिक एवं बेहतर यात्रा सुविधाओं के लाभ
एलएचबी कोच आधुनिक तकनीक पर आधारित होने के साथ-साथ यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखकर डिजाइन किए गए हैं। इन कोचों में पारंपरिक कोचों की तुलना में बेहतर सवारी गुणवत्ता, अधिक आरामदायक यात्रा तथा आधुनिक सुरक्षा प्रणालियों का समावेश होता है।
एलएचबी कोचों की प्रमुख विशेषताओं में बेहतर ब्रेकिंग प्रणाली, आधुनिक डिजाइन, बेहतर स्थिरता एवं उच्च स्तर की सुरक्षा शामिल हैं। इन कोचों में यात्रा के दौरान झटकों एवं कंपन को कम करने की व्यवस्था होने से यात्रियों को अपेक्षाकृत अधिक आरामदायक यात्रा अनुभव प्राप्त होता है।
इसके साथ ही एलएचबी कोचों की संरचना एवं आधुनिक कपलिंग प्रणाली रेल परिचालन की सुरक्षा को और बेहतर बनाने में सहायक है।
क्षेत्र के यात्रियों को मिलेगा विशेष लाभ
बिलासपुर–चिरमिरी रेल मार्ग क्षेत्र के यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण रेल संपर्क प्रदान करता है। इस मार्ग पर चलने वाली ट्रेनों में एलएचबी कोचों का प्रावधान होने से बिलासपुर, चिरमिरी सहित मार्ग के विभिन्न स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को आधुनिक एवं बेहतर रेल यात्रा सुविधा का लाभ मिलेगा।
विशेषकर लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए बेहतर सवारी गुणवत्ता एवं आरामदायक कोच यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाएंगे। वहीं चिरमिरी–चंदिया रोड रेल सेवा में एलएचबी कोचों का प्रावधान क्षेत्रीय यात्रियों को सुरक्षित एवं आधुनिक रेल सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
सुरक्षित एवं आधुनिक रेल यात्रा की दिशा में निरंतर प्रयास
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा यात्रियों की सुविधा एवं संरक्षित रेल परिचालन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ट्रेनों में आधुनिक तकनीक एवं सुविधाओं को लगातार शामिल किया जा रहा है। ट्रेनों में पुराने पारंपरिक कोचों के स्थान पर आधुनिक एलएचबी कोचों का क्रमिक प्रावधान भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
इन दोनों यात्री ट्रेनों में एलएचबी कोचों का परिचालन शुरू होने से यात्रियों को अधिक आरामदायक, सुरक्षित, सुगम एवं आधुनिक यात्रा अनुभव प्राप्त होगा। रेलवे प्रशासन का यह प्रयास यात्रियों की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप यात्री सुविधाओं को निरंतर बेहतर बनाने तथा रेल यात्रा को अधिक सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनाने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
