रायगढ़ पुलिस की सफलता : बाइक चोरी के 11 मामलों का फरार वारंटी आखिर चढ़ा पुलिस के हत्थे, तमनार-पूंजीपथरा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में भोले शंकर कैवर्त गिरफ्तार.

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर लंबित अपराधों के “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत रायगढ़ पुलिस द्वारा फरार वारंटियों की धरपकड़ के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में तमनार एवं पूंजीपथरा पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 11 स्थायी/गिरफ्तारी वारंटों में लंबे समय से फरार आदतन बाइक चोर भोले शंकर कैवर्त को पूंजीपथरा क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। आरोपी को आज सभी 11 वारंटों के परिपालन में न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

गिरफ्तार वारंटी भोले शंकर केवट पिता जीवन प्रकाश कैवर्त, उम्र 34 वर्ष, निवासी ग्राम डभरा, जिला सक्ती वर्ष 2020 से चोरी की घटनाओं में सक्रिय रहा है और रायगढ़ शहर सहित घरघोड़ा, पूंजीपथरा एवं तमनार थाना क्षेत्र में बाइक चोरी की वारदातों में शामिल रहा है।

जानकारी के अनुसार वारंटी भोले शंकर कैवर्त को पूर्व में थाना तमनार के 05, थाना घरघोड़ा के 03, थाना कोतवाली रायगढ़ के 02 तथा थाना पूंजीपथरा के 01 बाइक चोरी के अपराध में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है। जमानत पर रिहा होने के बाद आरोपी नियमित रूप से न्यायालय में पेश नहीं हुआ, जिसके कारण विभिन्न प्रकरणों में माननीय न्यायालय द्वारा उसके विरुद्ध कुल 11 स्थायी/गिरफ्तारी वारंट जारी किए गए थे। इसके बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था।

“ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत फरार आरोपियों तथा फरार वारंटियों के संबंध में थाना प्रभारीगण मुखबिर लगाकर सूचनांए ली जा रही है। इसी कड़ी में कल पुलिस को फरार वारंटी भोले शंकर कैवर्त के पूंजीपथरा क्षेत्र में देखे जाने की सूचना मिली, जिस पर थाना तमनार और पूंजीपथरा पुलिस द्वारा क्षेत्र में वारंटी की सतत पतासाजी में जुट गई और रात्रि थाना तमनार एवं थाना पूंजीपथरा की संयुक्त टीम ने पूंजीपथरा क्षेत्र में घेराबंदी कर वारंटी को धर दबोचा गया।

Related posts