पिता के फर्जी हस्ताक्षर, पत्नी के नाम जमीन की रजिस्ट्री! पैतृक संपत्ति हड़पने की कथित साजिश का दुर्ग पुलिस ने किया पर्दाफाश, तीन आरोपी गिरफ्तार।

कूटरचित हस्ताक्षर से आम मुख्तारनामा एवं जमीन संबंधी फर्जी दस्तावेज तैयार कर पत्नी के नाम कराई रजिस्ट्री, धोखाधड़ी के मामले में 03 आरोपी गिरफ्तार।

ग्राम डुण्डेरा स्थित पैतृक कृषि भूमि को हड़पने के उद्देश्य से आरोपियों द्वारा फर्जी हस्ताक्षर कर कूटरचित दस्तावेज तैयार किए जाने की शिकायत प्राप्त हुई थी।

आरोपी शिवकुमार साहू द्वारा अपनी पत्नी श्रीमती सीमा साहू के पक्ष में फर्जी इकरारनामा एवं बिक्री नामा तैयार कर जमीन की रजिस्ट्री कराए जाने का आरोप है।

प्रार्थी के पिता के हस्ताक्षरों का फर्जी होना हैंडराइटिंग विशेषज्ञ की जांच रिपोर्ट में सामने आया।

थाना उतई में अपराध क्रमांक 568/2026, धारा 420, 467, 468, 471, 34 भादवि के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

पुलिस द्वारा कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर प्रकरण से संबंधित मूल दस्तावेज एवं अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज जप्त किए गए।

गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है।

दुर्ग : पैतृक जमीन पर कब्जा जमाने के लिए कथित तौर पर ऐसा दस्तावेजी खेल रचा गया, जिसमें जमीन के असली मालिक के हस्ताक्षर तक फर्जी बना दिए गए। आरोप है कि इकरारनामा और बिक्री नामा तैयार कर कृषि भूमि को शिवकुमार साहू की पत्नी के नाम कराने के लिए रजिस्ट्री कराई गई। लेकिन हैंडराइटिंग विशेषज्ञ की जांच रिपोर्ट में हस्ताक्षरों की असलियत सामने आते ही पूरे मामले की परतें खुलने लगीं। दुर्ग जिले के ग्राम डुण्डेरा से जुड़े इस कथित जमीन धोखाधड़ी मामले में उतई पुलिस ने पति-पत्नी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने प्रकरण से जुड़े मूल स्टाम्प पेपर, ई-स्टाम्प सर्टिफिकेट और रजिस्ट्री दस्तावेज भी जब्त किए हैं।

थाना उतई क्षेत्रांतर्गत ग्राम डुण्डेरा में पैतृक कृषि भूमि को फर्जी दस्तावेज एवं कूटरचित हस्ताक्षरों के माध्यम से हड़पने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे एवं प्रार्थी द्वारा प्रस्तुत किए गए प्रकरण से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज जप्त किए गए हैं।

दिनांक 26.11.2026 को प्रार्थी पन्ना लाल साहू, पिता स्व. बोधीराम साहू, उम्र 47 वर्ष, निवासी शास्त्री चौक ग्राम डुण्डेरा, थाना उतई, जिला दुर्ग द्वारा वरिष्ठ कार्यालय में लिखित शिकायत प्रस्तुत की गई।

शिकायत के अनुसार प्रार्थी के पिता स्व. बोधीराम साहू के स्वामित्व एवं आधिपत्य की कृषि भूमि ग्राम डुण्डेरा में स्थित है। उक्त भूमि के संबंध में आरोपी शिवकुमार साहू, उसकी पत्नी श्रीमती सीमा साहू एवं उनके सहयोगियों द्वारा आपसी मिलीभगत कर कूटरचित दस्तावेज तैयार किए जाने की शिकायत की गई।

आरोप है कि शिवकुमार साहू द्वारा अपनी पत्नी श्रीमती सीमा साहू के पक्ष में दिनांक 24.09.2022 को फर्जी इकरारनामा तैयार कराया गया तथा दिनांक 18.11.2022 को प्रार्थी के पिता के नाम से फर्जी हस्ताक्षर कर बिक्री नामा तैयार किया गया। इसके माध्यम से ग्राम डुण्डेरा स्थित पैतृक कृषि भूमि को छलपूर्वक हड़पने एवं रजिस्ट्री कराने का प्रयास किया गया।

प्रार्थी द्वारा उक्त दस्तावेजों के हस्ताक्षरों की जांच हैंडराइटिंग विशेषज्ञ से कराई गई थी। जांच उपरांत प्राप्त रिपोर्ट में इकरारनामा एवं बिक्री नामा में अंकित हस्ताक्षर प्रार्थी के पिता बोधीराम साहू के नहीं होना प्रतिवेदित किया गया।

प्रार्थी की शिकायत पर थाना उतई में अपराध क्रमांक 568/2026, धारा 420, 467, 468, 471, 34 भादवि के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

विवेचना के दौरान पुलिस द्वारा उपलब्ध दस्तावेजों एवं साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी शिवकुमार साहू, श्रीमती सीमा साहू एवं कौशल कुमार साहू को गिरफ्तार किया गया। प्रकरण से संबंधित मूल दस्तावेजों एवं अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों की जप्ती की गई। आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है।

मॉडस ऑपरेंडी (अपराध करने का तरीका):- प्रारंभिक शिकायत एवं विवेचना में सामने आए तथ्यों के अनुसार आरोपियों द्वारा आपसी मिलीभगत कर भूमि स्वामी बोधीराम साहू के नाम से फर्जी हस्ताक्षर करते हुए इकरारनामा एवं बिक्री नामा तैयार किया गया। कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर पैतृक कृषि भूमि को आरोपी शिवकुमार साहू की पत्नी श्रीमती सीमा साहू के नाम कराने एवं हड़पने का प्रयास किया गया।

घटनास्थल:- ग्राम डुण्डेरा, थाना उतई, जिला दुर्ग (छत्तीसगढ़)।

अपराध क्रमांक एवं धाराएं

गिरफ्तार आरोपियों के नाम एवं पता

1. शिवकुमार साहू, पिता स्व. महावीर साहू, निवासी 8/53 राधिका नगर, सुपेला, थाना सुपेला, जिला दुर्ग।

2. श्रीमती सीमा साहू, पति शिवकुमार साहू, निवासी 8/53 राधिका नगर, सुपेला, थाना सुपेला, जिला दुर्ग।

3. कौशल कुमार साहू, पिता आशाराम साहू, निवासी इंदिरा नगर, ग्राम डुण्डेरा, थाना उतई, जिला दुर्ग।

जप्त संपत्ति

1. प्रार्थी पन्ना लाल साहू द्वारा प्रस्तुत 43 पन्नों के दस्तावेज।

2. आरोपी शिवकुमार साहू से बिक्री नामा दिनांक 18.11.2022 का ई-स्टाम्प सर्टिफिकेट एवं इकरारनामा दिनांक 24.09.2022 का मूल स्टाम्प पेपर।

3. आरोपी श्रीमती सीमा साहू से ई-स्टाम्प पेपर दिनांक 14.02.2023 एवं रजिस्ट्री पत्रक की मूल प्रति।

सराहनीय कार्य:- उक्त प्रकरण में थाना उतई पुलिस टीम द्वारा शिकायत प्राप्त होने पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की गई तथा प्रकरण से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज जप्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

दुर्ग पुलिस की अपील:- दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि जमीन की खरीदी-बिक्री, रजिस्ट्री एवं मुख्तारनामा तैयार कराते समय दस्तावेजों की सत्यता एवं संबंधित पक्षकारों की पहचान का विधिवत परीक्षण अवश्य करें। किसी अन्य व्यक्ति की भूमि से संबंधित फर्जी दस्तावेज तैयार करने अथवा धोखाधड़ी किए जाने की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराएं।

Related posts