कोतबा नगर पंचायत द्वारा मंदिर परिसर में जलभराव की समस्या का किया गया समाधान.
वर्तमान में पानी निकासी हेतु की गई है अस्थायी रूप से वैकल्पिक व्यवस्था.
जशपुर : जशपुर के कोतबा नगर पंचायत क्षेत्र में मंदिर परिसर में बरसाती और नाली के पानी के जमाव की समस्या को लेकर प्रकाशित खबर के बाद नगर पंचायत ने स्थिति स्पष्ट की है। वार्ड क्रमांक 09 भुरतुपारा स्थित मंदिर परिसर में सड़क का स्तर ऊंचा होने और पानी निकासी के लिए पर्याप्त जगह नहीं होने से तेज बारिश के दौरान कुछ समय के लिए जलभराव होता है। नगर पंचायत के अनुसार फिलहाल वैकल्पिक व्यवस्था कर पानी निकासी शुरू कर दी गई है, जबकि सड़क निर्माण के साथ स्थायी नाली बनाई जाएगी।
समाचार पत्रों में प्रकाशित खबर ‘‘मंदिर परिसर में बरसाती और नाली के पानी का जमाव‘‘ के संबंध में मुख्य नगर पालिका अधिकारी, नगर पंचायत कोतबा ने प्रतिवेदन जारी किया है। जारी प्रतिवेदन के अनुसार वार्ड क्रमांक 09 भुरतुपारा में स्थित मंदिर परिसर में चबूतरा निर्मित है। पूर्व में उक्त स्थल के समीप खाली जगह थी, जहां तत्कालीन स्थिति में मकान निर्माण कर लिया गया है। साथ ही लोक निर्माण विभाग द्वारा कोतबा-बागबहार रोड का निर्माण किया गया है।
प्रतिवेदन में बताया गया है कि पूर्व समय से निर्मित चबूतरा परिसर नीचे और सड़क ऊँचा होने से पानी निकासी के लिए पर्याप्त जगह नहीं है, जिससे बरसात के मौसम में अधिक वर्षा होने पर कुछ समय के लिए जलभराव की स्थिति उत्पन्न होती है।
नगर पंचायत ने बताया कि वर्तमान में पानी निकासी हेतु अस्थायी रूप से वैकल्पिक व्यवस्था कर दी गई है। तत्पश्चात लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क निर्माण के साथ-साथ नाली निर्माण किया जावेगा, जिससे पानी निकासी आसानी से हो सकेगी।
