निरीक्षक जे.एस.कंवर व एसआई रामप्रताप साहू हुए सेवानिवृत्त, पुलिस विभाग ने दी भावभीनी विदाई.
पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री योगेश कुमार पटेल ने अनुकरणीय सेवा के लिए किया सम्मानित.
सूरजपुर : सूरजपुर पुलिस विभाग में सोमवार को भावुक पल देखने को मिला, जब दशकों तक अनुशासन, निष्ठा और समर्पण के साथ सेवाएं देने वाले निरीक्षक जे.एस. कंवर और उपनिरीक्षक रामप्रताप साहू सेवानिवृत्त हुए। दोनों अधिकारियों को जिला पुलिस कार्यालय में आयोजित समारोह में भावभीनी विदाई दी गई। पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने उनकी अनुकरणीय सेवाओं को याद करते हुए शॉल, श्रीफल, स्मृति-चिन्ह एवं उपहार भेंटकर सम्मानित किया। परिजनों और सहकर्मियों की उपस्थिति में समारोह भावुक हो उठा।
पुलिस विभाग में दशकों तक अनुशासन, निष्ठा एवं समर्पण के साथ अपनी सेवाएं देने वाले निरीक्षक जे.एस. कंवर एवं उप निरीक्षक रामप्रताप साहू सोमवार, 31 अगस्त 2026 को शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त हुए। जिला पुलिस कार्यालय सूरजपुर में आयोजित सेवानिवृत्ति विदाई समारोह में दोनों अधिकारियों को ससम्मान भावभीनी विदाई दी गई।
निरीक्षक जे.एस कंवर ने 40 वर्ष 5 माह तथा उप निरीक्षक रामप्रताप साहू ने 35 वर्ष 10 माह तक पुलिस विभाग में अपनी सेवाएं दीं। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री योगेश कुमार पटेल (भापुसे) ने दोनों अधिकारियों के दीर्घ सेवाकाल के दौरान किए गए कार्यों एवं योगदान की सराहना करते हुए उन्हें शॉल, श्रीफल, स्मृति-चिन्ह एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया।
पुलिस अधीक्षक श्री योगेश कुमार पटेल ने कहा कि पुलिस विभाग में इतने लंबे समय तक पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ सेवाएं देना गौरव की बात है। दोनों अधिकारियों ने अपने सेवाकाल में अनुशासन एवं जिम्मेदारी के साथ कर्तव्यों का निर्वहन किया तथा अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सदैव मार्गदर्शन प्रदान किया। शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों की रोकथाम तथा आमजन की सुरक्षा एवं सेवा में दोनों अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने सेवानिवृत्त अधिकारियों के स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
सेवानिवृत्त हो रहे दोनों अधिकारियों ने अपने लंबे सेवाकाल के अनुभवों को साझा करते हुए पुलिस सेवा के दौरान सामने आई विभिन्न चुनौतियों, महत्वपूर्ण कार्यवाहियों एवं यादगार पलों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा में रहते हुए आमजन की सुरक्षा एवं सेवा को सदैव सर्वाेच्च प्राथमिकता दी और अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन किया।
समारोह के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों सेवानिवृत्त अधिकारियों के साथ बिताए सेवाकाल के अनुभवों को याद करते हुए उनके प्रति सम्मान एवं शुभकामनाएं व्यक्त कीं। परिजनों की मौजूदगी ने विदाई समारोह को और भावुक बना दिया। सभी ने दोनों अधिकारियों के स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन, एसडीओपी सूरजपुर अभिषेक पैंकरा, सीएसपी बेनार्ड कुजूर, डीएसपी मुख्यालय महालक्ष्मी कुलदीप एवं रक्षित निरीक्षक अशोक गिरी सहित जिला पुलिस कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी तथा सेवानिवृत्त अधिकारियों के परिजन उपस्थित रहे।
