सीजीआईटी जशपुर में बी.टेक. एवं डिप्लोमा लेटरल एंट्री की ऑनलाइन काउंसिलिंग शुरू
डिप्लोमा के लिए 3 से 6 सितंबर और बी.टेक. के लिए 5 से 8 सितंबर तक होगा पंजीयन
जशपुर : सत्र 2026-27 में राज्य के बी.टेक. एवं डिप्लोमा इंजीनियरिंग पाठ्यक्रमों में लेटरल एंट्री के माध्यम से प्रवेश के लिए ऑनलाइन काउंसिलिंग की पंजीयन प्रक्रिया प्रारंभ होने जा रही है। सीजीआईटी जशपुर (पूर्व में शासकीय पॉलीटेक्निक जशपुर) में विभिन्न तकनीकी पाठ्यक्रमों में प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए निर्धारित तिथियों के अनुसार ऑनलाइन पंजीयन किया जाएगा।
प्राचार्य सीजीआईटी जशपुर में जानकारी देते हुए बताया कि सीजीआईटी जशपुर में बी.टेक. के अंतर्गत कम्प्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (इंटरनेट ऑफ थिंग्स) तथा कम्प्यूटर साइंस (सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग) पाठ्यक्रम संचालित हैं। वहीं डिप्लोमा स्तर पर कम्प्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग, मैकेनिकल तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्युनिकेशन ब्रांच संचालित हैं।
डिप्लोमा इंजीनियरिंग एवं डिप्लोमा लेटरल एंट्री के लिए ऑनलाइन पंजीयन 3 सितंबर से 6 सितंबर 2026 तक किया जाएगा। डिप्लोमा की मेरिट सूची 7 सितंबर को जारी होगी तथा प्रवेश प्रक्रिया 8 एवं 9 सितंबर 2026 को होगी।
इसी प्रकार बी.टेक. एवं बी.टेक. लेटरल एंट्री के लिए ऑनलाइन पंजीयन 5 सितंबर से 8 सितंबर 2026 तक किया जाएगा। बी.टेक. की मेरिट सूची 9 सितंबर को जारी होगी तथा प्रवेश प्रक्रिया 10 एवं 11 सितंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। ऑनलाइन काउंसिलिंग, पंजीयन, संस्था एवं पाठ्यक्रम आवंटन सहित अन्य जानकारी https://dte.cg.gov.in/ तथा https://cgdte.admission.nic.in/ वेबसाइट पर उपलब्ध है। प्रवेश संबंधी नियम एवं विस्तृत जानकारी सीजीआईटी जशपुर की वेबसाइट www.gpjashpur.ac.in पर देखी जा सकती है। पंजीयन अथवा प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या या जानकारी के लिए विद्यार्थी सीजीआईटी जशपुर के मोबाइल नंबर 8821026945, 8109517732 एवं 7693890308 पर संपर्क कर सकते हैं।
