कैलाश गुफा मार्ग को लेकर प्रकाशित खबर के संबंध में लोक निर्माण विभाग ने जारी किया स्पष्टीकरण
भारी वर्षा और तालाब से पानी रिसाव के कारण हुआ भू-स्खलन, विभाग ने वैकल्पिक मार्ग से आवागमन किया शुरू
जशपुर : समाचार में पत्र में प्रकाशित खबर “कैलाश गुफा मार्ग की सड़क धंसी, हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने से पहले चिंता” के संबंध में कार्यपालन अभियंता, लोक निर्माण विभाग (भ/स) संभाग जशपुर ने स्पष्टीकरण जारी किया है।
कार्यपालन अभियंता ने बताया कि गायबुढ़ा-कैलाश मार्ग का निर्माण कार्य वर्ष 2018-19 में कराया गया था, जिसका कार्य अनुबंध अनुसार 08 मई 2022 को पूर्ण कर लिया गया था। उक्त कार्य की पी.जी. अवधि 36 माह थी, जो पूर्ण हो चुकी है।
जानकारी दी गई कि मार्ग निर्माण के समय कि.मी. 1/10 U/S (R/s) में कोई तालाब नहीं था। वर्तमान में मार्ग के राइट साइड में बड़े तालाब का निर्माण किया गया है। विगत दिनों हुई भारी वर्षा के कारण तालाब में पानी भर गया और रिसाव होने से पानी मार्ग की निचली सतह में प्रवेश कर गया, जिससे राइट साइड में प्राकृतिक कारणों से भू-स्खलन की स्थिति निर्मित हुई है।
जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विभाग द्वारा तत्काल मार्ग के दोनों ओर आवागमन अवरुद्ध कर दिया गया है एवं क्षतिग्रस्त स्थल के दोनों ओर सुरक्षा संकेतक पट्ट लगा दिए गए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके। वर्तमान में आवागमन लोक निर्माण विभाग के दूसरे वैकल्पिक मार्ग से सुचारू रूप से कराया जा रहा है।
क्षतिग्रस्त भाग के सुधार हेतु एफ.डी.आर. के अंतर्गत प्राक्कलन तैयार कर शीघ्र मरम्मत कार्य हेतु अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।
