थाना नारायणपुर क्षेत्रांतर्गत ग्राम कोटिया के बालेश्वर चौक में पुलिस की कार्यवाही, बिक्री हेतु ग्राहक की तलाश में बस का इंतजार कर रहे थे आरोपी, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा.
आरोपियों के कब्जे से 06 पैकेट में 06 किलो 165 ग्राम गांजा एवं 02 मोबाइल फोन जप्त.
जप्त मादक पदार्थ एवं मोबाइल सहित कुल लगभग ₹03 लाख 20 हजार की जप्ती, जिसमें जप्त गांजे के अनुमानित कीमत लगभग 6 लाख रुपये व मोबाइल फोन की कीमत 20 हजार रूपए है.
मामले में थाना नारायणपुर में धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध.
जशपुर : जशपुर जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चल रहे ऑपरेशन आघात के तहत नारायणपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम कोटिया के बालेश्वर चौक में पुलिस ने बस का इंतजार कर रहे दो संदिग्धों को घेराबंदी कर दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनकी प्लास्टिक बोरी से 06 पैकेट में 06 किलो 165 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजे के साथ दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी गई है।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री के विरुद्ध जशपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत थाना नारायणपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 06 किलो 165 ग्राम अवैध गांजा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजे के 06 पैकेट एवं 02 मोबाइल फोन जप्त किए हैं। जप्त गांजे की अनुमानित कीमत लगभग ₹03 लाख तथा मोबाइल फोन की कीमत लगभग ₹20 हजार है। इस प्रकार पुलिस द्वारा कुल लगभग ₹03 लाख 20 हजार की जप्ती की गई है।
गिरफ्तार आरोपी –
दिलीप यादव – उम्र 44 वर्ष एवं बसंत राम उर्फ बबलू – उम्र 32 वर्ष दोनों निवासी ग्राम कोटिया, थाना नारायणपुर, जिला जशपुर (छ.ग.)
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की तत्काल कार्रवाई –
जानकारी के अनुसार मामले का विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 02.09.2026 को प्रातः करीब 07:30 बजे थाना नारायणपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम कोटिया स्थित बालेश्वर चौक के पास दो व्यक्ति प्लास्टिक की बोरी में भारी मात्रा में गांजा रखकर बिक्री हेतु ग्राहक की तलाश कर रहे हैं तथा बस का इंतजार कर रहे हैं।
सूचना से वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को अवगत कराते हुए थाना नारायणपुर पुलिस द्वारा तत्काल पुलिस टीम को मौके के लिए रवाना किया गया। पुलिस टीम द्वारा बालेश्वर चौक के पास पहुंचकर मुखबिर के बताए हुलिए के आधार पर दो संदिग्ध व्यक्तियों को प्लास्टिक की बोरी के साथ देखा गया। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर दोनों को हिरासत में लिया।
पूछताछ में दोनों ने अपना नाम दिलीप यादव उम्र 44 वर्ष एवं बसंत राम उर्फ बबलू उम्र 32 वर्ष, दोनों निवासी ग्राम कोटिया, थाना नारायणपुर, जिला जशपुर बताया। पुलिस द्वारा गवाहों की उपस्थिति में आरोपियों के कब्जे में रखी प्लास्टिक की बोरी की विधिवत तलाशी लेने पर उसमें प्लास्टिक टेप से लिपटे हुए कुल 06 पैकेट बरामद हुए। पैकेटों की जांच करने पर उनमें कुल 06 किलो 165 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा पाया गया।
पुलिस द्वारा गांजे को विधिवत जप्त करने के साथ ही आरोपियों के कब्जे से 02 मोबाइल फोन भी जप्त किए गए। जप्त गांजे की अनुमानित कीमत लगभग ₹03 लाख तथा मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत लगभग ₹20 हजार है। इस प्रकार मामले में कुल लगभग ₹03 लाख 20 हजार की जप्ती की गई है।
अवैध गांजा कहां से लाए थे ? पुलिस कर रही जांच –
पुलिस द्वारा आरोपियों के विरुद्ध थाना नारायणपुर में धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि उक्त अवैध गांजा कहां से लाया गया था तथा इसे आगे किन लोगों को बेचने की योजना थी। मामले से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस द्वारा प्रकरण में एंड-टू-एंड विवेचना करते हुए अवैध मादक पदार्थ के पूरे नेटवर्क तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
इस प्रकरण की कार्रवाई एवं आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी नारायणपुर निरीक्षक कोमल सिंह नेताम, उपनिरीक्षक संतोष तिवारी, आरक्षक प्रदीप भगत, आरक्षक रणवीर तिग्गा, नगर सैनिक वीरेंद्र भगत एवं नगर सैनिक ओमप्रकाश यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस द्वारा जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री करने वालों पर लगातार निगरानी रखते हुए प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना नारायणपुर क्षेत्र में मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए 06 किलो 165 ग्राम गांजा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।उन्होंने कहा कि पुलिस मामले में एंड-टू-एंड विवेचना कर रही है। अवैध गांजे के स्रोत एवं इससे जुड़े अन्य व्यक्तियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और पूरे नेटवर्क के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
