₹95.65 लाख के संदिग्ध लेन-देन से मचा हड़कंप! साइबर ठगों को बैंक खाता उपलब्ध कराने वाला आरोपी गिरफ्तार, नारायणपुर पुलिस ने खोला म्यूल अकाउंट का बड़ा राज

साइबर ठगी के लिए बैंक खाता उपलब्ध कराने वालों पर नारायणपुर पुलिस की कार्रवाई

₹95 लाख से अधिक की संदिग्ध राशि के लेन-देन वाले म्यूल अकाउंट का खुलासा

साइबर ठगों को बैंक खाता उपलब्ध कराने वाला आरोपी गिरफ्तार

नारायणपुर : पुलिस अधीक्षक संदीप पटेल के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऐश्वर्य चंद्राकर एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस नारायणपुर अजय सिंह के नेतृत्व में नारायणपुर पुलिस द्वारा साइबर अपराधियों के नेटवर्क एवं साइबर ठगी में प्रयुक्त म्यूल बैंक खातों की पहचान कर उनके विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में थाना नारायणपुर के अपराध क्रमांक 62/2026, धारा 317(2), 317(5), 318(4) बीएनएस के प्रकरण में नारायणपुर पुलिस ने म्यूल बैंक अकाउंट उपलब्ध कराने वाले आरोपी मनोज निषाद, पिता गुरूदत्त निषाद, उम्र 32 वर्ष, निवासी टी.सी.पी.सी. कॉलोनी, बंगला पारा, नारायणपुर को गिरफ्तार किया है।

जांच में हुआ ₹95.65 लाख के संदिग्ध लेन-देन का खुलासा

प्रकरण की जांच के दौरान आरोपी के बैंक खाते की गहन जांच की गई। जांच में दिनांक 20.12.2024 से 14.02.2025 के मध्य उक्त खाते में कुल ₹95,65,134/- की संदिग्ध राशि का लेन-देन पाया गया।

जांच में यह तथ्य सामने आया कि आरोपी द्वारा साइबर ठगी से प्राप्त राशि के लेन-देन एवं निकासी के लिए अपना बैंक खाता उपलब्ध कराया गया था। इस प्रकार आरोपी का बैंक खाता साइबर ठगी की रकम को इधर-उधर करने के लिए म्यूल अकाउंट के रूप में उपयोग किया जा रहा था।

प्रकरण में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी मनोज निषाद को दिनांक 03.09.2026 को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है

नारायणपुर पुलिस आमजन से अपील करती है कि किसी भी व्यक्ति के कहने पर अपना बैंक खाता, एटीएम, यूपीआई या अन्य बैंकिंग सुविधा कमीशन अथवा किसी लालच के बदले उपयोग हेतु उपलब्ध न कराएं। साइबर ठगी की रकम के लेन-देन में खाते का उपयोग होने पर खाताधारक भी कानूनी कार्रवाई के दायरे में आ सकता है।

नारायणपुर पुलिस साइबर ठगी के मुख्य आरोपियों के साथ-साथ उनके लिए बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले म्यूल अकाउंट धारकों के विरुद्ध भी लगातार कार्रवाई कर रही है।

Related posts