यातायात की पाठशाला” में विद्यार्थियों को सिखाए गए सड़क सुरक्षा एवं यातायात के नियम
नारायणपुर : पुलिस द्वारा पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशानुसार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऐश्वर्य चन्द्राकर के मार्गदर्शन में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शासकीय स्वामी आत्मानंद हिन्दी माध्यम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बखरूपारा में यातायात की पाठशाला” कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान यातायात प्रभारी (रक्षित निरीक्षक) मो. मोहसिन खान एवं उनकी टीम द्वारा विद्यार्थियों को सड़क पर सुरक्षित आवागमन, यातायात संकेतों एवं विभिन्न सड़क चिन्हों की विस्तृत जानकारी दी गई।
विद्यार्थियों को सड़क पार करते समय जेब्रा क्रॉसिंग एवं निर्धारित स्थान का उपयोग, रेड-ग्रीन-येलो सिग्नल के महत्व तथा यातायात नियमों के पालन के संबंध में जागरूक किया गया। साथ ही नाबालिग अवस्था में वाहन चलाने से होने वाले जोखिमों के बारे में जानकारी देते हुए वाहन न चलाने की समझाइश दी गई।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को पीएम राहत योजना एवं राहगीर योजना के संबंध में भी जानकारी दी गई तथा सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की सहायता के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों से स्वयं यातायात नियमों का पालन करने तथा अपने माता-पिता एवं परिजनों को भी नियमों के पालन के लिए प्रेरित करने की अपील की गई।
यातायात प्रभारी मो. मोहसिन खान ने कहा कि सड़क पर सुरक्षित आवागमन के लिए यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। नियमों का पालन केवल पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं एवं अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं के जीवन की सुरक्षा के लिए आवश्यक है।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य शिव प्रसाद रामटेके, शिक्षक नरेश नाग, जगदीश कुमार भोयर तथा शिक्षिकाएं श्रीमती राजेश्वरी सेठिया एवं श्रीमती सुषमा जयसवाल उपस्थित रहे।
नारायणपुर पुलिस का संदेश:
नियमों का पालन करें, सड़क सुरक्षा अपनाएं। स्वयं भी सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रखें। सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करें, जीवन बचाएं और नेक राहगीर बनें।”
