साइबर ठगी की रकम खपाने हेतु म्यूल (Mule) बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले 02 शातिर आरोपी गिरफ्तार
थाना पलारी पुलिस की त्वरित कार्यवाही, रायपुर व पलारी से आरोपियों को दबोचा गया
आरोपियों द्वारा बैंक खातों के जरिए ₹1,08,644/- का संदिग्ध वित्तीय लेनदेन करने का हुआ खुलासा
कमीशन के लालच में ऑनलाइन गेमिंग व साइबर फ्रॉड की अवैध कमाई को खातों के माध्यम से ठिकाने लगाने का खेल
आरोपियों के विरुद्ध धारा 318(4),61(2),314, 317(5),3(5) BNS के तहत की गई कार्यवाही
बलौदाबाजार-भाटापारा : पुलिस अधीक्षक गौरव राय के कुशल निर्देशन में बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस द्वारा साइबर अपराधों, बैंक फ्रॉड एवं साइबर ठगी की रकम खपाने वाले म्यूल अकाउंट (Mule Accounts) होल्डर्स व नेटवर्क के विरुद्ध ताबड़तोड़ कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में थाना पलारी पुलिस द्वारा ऑनलाइन फ्रॉड की राशि को अपने बैंक खातों में प्राप्त कर धोखाधड़ी करने वाले 02 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई है।
मामले का संक्षिप्त विवरण:- राजस्थान (जयपुर) निवासी आवेदक कैलाशचंद सेन द्वारा साइबर पोर्टल में ऑनलाइन ठगी की शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसमें झांसा देकर उनसे ₹1,08,644/- की ठगी की गई थी। ठगी की यह रकम यूसीओ (UCO) बैंक शाखा पलारी के खाता क्रमांक 8530110142066 में ट्रांसफर की गई थी। साइबर पोर्टल से प्राप्त शिकायत की जांच के दौरान थाना पलारी पुलिस द्वारा यूसीओ बैंक से खाते की जानकारी एवं स्टेटमेंट प्राप्त किया गया। जांच में खाता धारक खिलेंद्र वर्मा द्वारा अपने बैंक खाते में ₹1,08,644/- का संदिग्ध लेनदेन करना पाया गया।
पुलिस की जांच एवं कार्यवाही:- संदेही खिलेंद्र वर्मा को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने खुलासा किया कि आरोपी दीपेश मल्होत्रा ने उसे बैंक खाता खुलवाकर अवैध रूप से पैसे कमाने का लालच दिया था। इसके बदले खिलेंद्र वर्मा को कमीशन मिलता था तथा खाते का संचालन, एटीएम कार्ड व सिम कार्ड आरोपी दीपेश मल्होत्रा द्वारा किया जा रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि इन खातों का उपयोग ऑनलाइन गेमिंग व अन्य अवैध गतिविधियों से प्राप्त ठगी की रकम के ट्रांसफर एवं ले-देन के लिए किया जाता था। पुलिस द्वारा आरोपियों के कब्जे से पैन कार्ड की प्रति एवं अन्य दस्तावेज जप्त किए गए हैं। दोनों आरोपियों को दिनांक 04.09.2026 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत कर ज्यूडिशियल रिमांड पर जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। प्रकरण में संलिप्त अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी है। प्रकरण विवेचना में है।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:
1. खिलेंद्र वर्मा पिता स्व. सूरज वर्मा, उम्र 21 वर्ष, निवासी वार्ड 14, आमपारा, ग्राम अहमदपुर (पलारी), थाना पलारी
2. दीपेश मल्होत्रा पिता स्व. मनोज मल्होत्रा, उम्र 23 वर्ष, निवासी विकास विहार कॉलोनी, महादेव चौक थाना डी.डी. नगर, जिला रायपुर
