शिक्षकों का सम्मान, बच्चों को साइबर सुरक्षा की सीख, नारायणपुर में स्कूल-कॉलेजों तक पहुंचा साइबर जागरूकता अभियान

शिक्षक दिवस पर नारायणपुर जिले में चला विशेष साइबर जागरूकता अभियान

मैं हूँ साइबर शिक्षक” थीम पर शिक्षकों का सम्मान, विद्यार्थियों को दिया साइबर सुरक्षा का संदेश

नारायणपुर : छत्तीसगढ़ पुलिस के प्रदेशव्यापी “साइबर जागृति अभियान” के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में शिक्षक दिवस के अवसर पर आज दिनांक 05 सितंबर 2026 को नारायणपुर जिले के नारायणपुर, छोटेडोंगर, बेनूर, एड़का सहित सभी थाना क्षेत्रों में विशेष साइबर जागरूकता अभियान चलाया गया।

अभियान की थीम “मैं हूँ साइबर शिक्षक – साइबर शिक्षा से ही साइबर सुरक्षा” रही। इस अवसर पर जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में शिक्षक-शिक्षिकाओं का सम्मान कर उन्हें शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दी गईं तथा विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को बढ़ते साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी एवं सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के संबंध में जागरूक किया गया।

जिले के थाना नारायणपुर कुकड़ाझोर, धनोरा, फरसगांव, झाराघाटी, धौड़ाई, कुरुषनार भरंडा सहित अन्य थाना क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान शासकीय बालक उत्तर माध्यमिक विद्यालय स्कूल ग्राउंड, स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय सिंगोड़ीतराई, स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम माध्यमिक विद्यालय महावीर चौक, शासकीय प्राथमिक आश्रम शाला धनोरा, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय फरसगांव, शासकीय हाई स्कूल महिमागवाड़ी, शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय गूरिया, शासकीय हाई स्कूल गुरिया, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धौड़ाई, ग्राम गुमियाबेड़ा की प्राथमिक शाला एवं ग्राम भरंडा के विद्यालय सहित विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकगण को ओटीपी, पिन, पासवर्ड एवं बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने, अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने तथा संदिग्ध एपीके/मोबाइल एप्लीकेशन डाउनलोड नहीं करने के संबंध में जागरूक किया गया। साथ ही साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई।

साइबर जागृति की एक सेल्फी” अभियान

शिक्षक दिवस के अवसर पर अभियान को जनभागीदारी से जोड़ते हुए “साइबर जागृति की एक सेल्फी” पहल भी चलाई गई। शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने साइबर जागृति अभियान के सेल्फी फ्रेम में फोटो लेकर सोशल मीडिया एवं शैक्षणिक समूहों में साझा किया। धनोरा में सेल्फी फ्रेम में दिए गए QR कोड को स्कैन कर सेल्फी अपलोड करने के लिए भी प्रतिभागियों को प्रेरित किया गया।

नारायणपुर जिले में आयोजित यह विशेष अभियान शिक्षकों को साइबर जागरूकता के संदेशवाहक के रूप में जोड़ने तथा विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं आमजन तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रहा।

नारायणपुर पुलिस की अपील:

साइबर अपराध से बचने के लिए स्वयं जागरूक रहें और अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी जागरूक करें। ओटीपी, पिन, पासवर्ड एवं बैंकिंग जानकारी साझा न करें, अनजान लिंक पर क्लिक न करें तथा संदिग्ध एपीके/ऐप डाउनलोड न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत करें।

Related posts