तोकापाल में स्वास्थ्य सेवाओं का महाअभियान : दूर-दराज के  547 ग्रामीणों को बड़ी सौगात! आयुष शिविर में मुफ्त इलाज से लेकर डिजिटल एक्स-रे, जांच, मुफ्त दवाइयां-चश्मे तक, जनहित की योजनाओं का भी मिला सीधा लाभ.

आयुष विभाग एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार 05 सितंबर को विकासखंड मुख्यालय तोकापाल में विकासखंड स्तरीय आयुष स्वास्थ्य शिविर का भव्य एवं सफल आयोजन चित्रकोट विधायक श्री विनायक गोयल की उपस्थिति में किया गया।  इस शिविर में दूर-दराज के ग्रामीण अंचलों से पहुंचे कुल 547 हितग्राहियों ने शिविर में अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराकर निःशुल्क दवाइयों का लाभ प्राप्त किया।

शिविर में आयुष चिकित्सा पद्धति के माध्यम से वात, पित्त, स्त्री रोग, मधुमेह, उदर रोग एवं चर्म विकार सहित कई जटिल रोगों से पीड़ित मरीजों की विस्तृत जांच कर उपचार एवं परामर्श दिया गया। इसके साथ ही मौसमी बीमारियों से बचाव और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से लगभग 350 नागरिकों को आयुष काढ़े का निःशुल्क वितरण किया गया। नेत्र परीक्षण दल द्वारा आंखों की जांच कर जरूरतमंद मरीजों को मौके पर ही निःशुल्क चश्मे प्रदान किए गए।स्वास्थ्य विभाग द्वारा आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार करते हुए मौके पर ही आयुष्मान कार्ड स्क्रीनिंग, आभा आईडी निर्माण, टीबी जांच, डिजिटल एक्स-रे तथा विभिन्न पैथोलॉजी लैब परीक्षणों की सुविधा उपलब्ध कराई गई।

Related posts