जशपुर में 20वीं बार गूंजा गोविंदा आला रे- बालाजी मंदिर से शुरू हुई भव्य शोभायात्रा
कृष्णा-11 ने फोड़ी 30 फिट ऊंची मटकी
शोभायात्रा के साथ शुरू हुई मटकी फोड़ स्पर्धा – 30 फिट ऊंचे टंगे दहीहांडी को तोड़ने जोर लगाएंगे 300 गोविंदा
40 हजार से अधिक दर्शकों से खचाखच भरा रणजीता स्टेडियम, 10 टीमों में महामुकाबला
मंत्री अग्रवाल की बड़ी घोषणा – आयोजन समिति को हर साल 2 लाख रुपये देने की घोषणा
विधायक रायमुनि भगत ने दिया विजेता टीम को 1,11,111 का इनाम
जशपुर : भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर श्री बालाजी जनकल्याण समिति जशपुर द्वारा आयोजित 20वीं भव्य मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन इस वर्ष पूरे हर्षोल्लास के साथ किया गया।
बालाजी मंदिर से शुरू हुई शोभायात्रा
आयोजन के 20वें वर्ष में पहली बार नई परंपरा की शुरुआत की गई। प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी 10 गोविंदा टीमों की शोभायात्रा बालाजी मंदिर से शुरू हुई। बाजे-गाजे के साथ यह शोभायात्रा शहर के मुख्य मार्गों – देशभांडे चौक, सिटी कोतवाली होते हुए रणजीता स्टेडियम पहुंची। इसमें सैकड़ों शहरवासी भी शामिल हुए और भगवान श्री कृष्ण के अवतरण का आनंद लिया।
10 टीमों ने लिया हिस्सा, कृष्णा-11 बनी विजेता
30 फिट ऊंचाई पर टंगी मटकी को तोड़ने के लिए 10 टीमों के लगभग 300 गोविंदाओं ने दम दिखाया। टीमों के नाम – महाकाल, C.S.K. ग्रुप, बजरंग दल, DC क्लब, पिक-अप संघ, अघोरी टीम, कृष्णा-11 पत्थलगांव, यंग आर्मी, विश्वकर्मा टीम और कुली नंबर-01।
लगातार 30 से अधिक प्रयासों के बाद अंत में कृष्णा-11, पत्थलगांव ने शानदार मानव पिरामिड बनाकर मटकी फोड़ दी।
विधायक रायमुनि भगत ने दिया विजेता टीम को 1,11,111 का इनाम
विजेता टीम कृष्णा-11 पत्थलगांव को दिए जाने वाला 1 लाख 11 हजार 111 रुपये का पुरस्कार जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनि भगत जी की ओर से दिया गया था, जिसे समिति द्वारा विजेता टीम को प्रदान किया गया।
कलाकारों ने बांधा समां – भक्ति संगीत में झूमे दर्शक
आयोजन में कलाकारों की प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही। डीजे राइडर का डीजे शो, अनिल मुंडा एवं सरस्वती बुनकर का नागपुरी कार्यक्रम, कमलेश्वर सारथी का सैक्सोफोन वादन तथा संदीप शर्मा और अंजली गुप्ता की संगीतमय प्रस्तुति ने 40 हजार से अधिक दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
मंत्री अग्रवाल की बड़ी घोषणा – हर साल 2 लाख रुपये
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सांस्कृतिक एवं पर्यटन मंत्री श्री राजेश अग्रवाल जी ने आयोजन समिति की सराहना की और घोषणा की कि इस आयोजन के लिए उनकी ओर से प्रतिवर्ष 2 लाख रुपये की सहयोग राशि दी जाएगी।
SSP ने दी बधाई, दिया हेलमेट का संदेश
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री उम्मेद लाल सिंह जी ने कहा कि समिति द्वारा यह शानदार आयोजन है, इसके लिए बधाई और शुभकामनाएं दी और लोगों से अपील की कि वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग करें और जागरूकता के संदेश के प्रति सजग रहने की बात कही।
मंच पर मौजूद रहे अतिथि
जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, उपाध्यक्ष यश प्रताप सिंह जूदेव, जनपद अध्यक्ष गंगाराम भगत, छ.ग. भवन सन्निर्माण मंडल अध्यक्ष रामप्रताप सिंह, पूर्व सांसद राजा रणविजय सिंह जूदेव, मंडल उपाध्यक्ष रागिनी भगत, कल्याण आश्रम से वासुदेव राम जी, सहित सभी प्रायोजक, पत्रकार बंधु और श्री बालाजी जनकल्याण समिति के अध्यक्ष पंडित मनोज रमाकांत मिश्र, समिति के संयोजक एवं समाजसेवी श्री संजय अग्रवाल सहित समिति के सभी सदस्य मौजूद रहे।
समिति ने 40 हजार से अधिक दर्शकों, प्रशासन और सहयोगियों का आभार माना।
