सरगुजा पुलिस का बड़ा साइबर जागरूकता अभियान! होली क्रॉस विमेंस कॉलेज में 1200 से अधिक छात्राओं को बताए ऑनलाइन ठगी से बचने के आसान और जरूरी तरीके

सरगुजा पुलिस ने होली क्रॉस विमेंस कॉलेज में छात्राओं को सिखाए साइबर सुरक्षा के गुर, 1200 से अधिक छात्राएं हुईं शामिल।

अम्बिकापुर : नागरिकों कों साइबर अपराधों से बचाने के उद्देश्य से प्रदेश भर में छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा ‘साइबर जागृति अभियान’ चलाया जा रहा है। उपरोक्त अभियान डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल (भा.पु.से.) के कुशल मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी के नेतृत्व में सरगुजा पुलिस द्वारा इस सप्ताह महिलाओ एवं छात्राओं के लिए विशेष रूप से जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन कर महिला कॉलेजों की छात्राओं, छात्रावासो में, महिला सामुदायिक समूहों तथा विभिन्न महिला संगठनों से जुड़ी महिलाओं कों जागरूक किया जा रहा है

इसी कड़ी में आज होली क्रॉस विमेंस कॉलेज में एक वृहद साइबर जागृति अभियान संपन्न हुआ, जिसमें लगभग 1200 छात्राएं एवं 20 शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। छात्राओं को दी गई साइबर अपराध की मुख्य जानकारियां:- कार्यक्रम के दौरान साइबर सेल के अधिकारियों कर्मचारियों ने छात्राओं को वर्तमान में बढ़ रहे साइबर खतरों के प्रति सचेत किया और उनसे बचने के व्यावहारिक तरीके सिखाए।

सोशल मीडिया सुरक्षा:- इंस्टाग्राम, फेसबुक और व्हाट्सएप जैसे प्लेटफॉर्म पर टू-स्टेप वेरिफिकेशन चालू रखने, प्रोफाइल लॉक करने और अज्ञात लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करने की सलाह दी गई।

वित्तीय धोखाधड़ी (Online Fraud):- लॉटरी, पार्ट-टाइम जॉब के नाम पर आने वाले फर्जी लिंक, और यूपीआई (UPI) पिन या ओटीपी (OTP) किसी के साथ साझा न करने के बारे में विस्तार से समझाया गया।

साइबर बुलिंग और ब्लैकमेलिंग:- साइबर एक्सपर्ट ने बताया कि यदि कोई सोशल मीडिया पर परेशान करे या फेक प्रोफाइल बनाकर ब्लैकमेल करने की कोशिश करे, तो डरने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचित करें।

निजी डेटा की सुरक्षा:- किसी भी असुरक्षित वेबसाइट या ऐप पर तस्वीरें और संवेदनशील जानकारियां अपलोड न करने की चेतावनी दी गई।

शिकायत का माध्यम:- छात्राओं को राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 और ऑफिशियल पोर्टल (cybercrime.gov.in) के बारे में बताया गया, जहां वे अपनी पहचान गुप्त रखकर भी शिकायत दर्ज करा सकती हैं।

कार्यक्रम के दौरान कॉलेज की प्राचार्य सिस्टर शांता जोसेफ़, उप प्राचार्य सिस्टर मंजू टोप्पो, ‘नवा बिहान’ संस्था की ओर से मंगल पांडे, अजय तिवारी, संतोष दास, श्रीमती हीना खान तथा उप निरीक्षक अभय तिवारी, साइबर सेल प्रभारी  सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, साइबर एक्सपर्ट आरक्षक अनुज जायसवाल, अमन पुरी और अविनाश सोनवानी उपस्थित रहे।

⏩ इसके अलावा जिले के समस्त थाना/चौकी में पुलिस टीम द्वारा प्रतिदिन साइबर जागृति अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्राओं एवं महिलाओ कों साइबर अपराधों एवं उनसे सतर्क एवं सुरक्षित रहने की जानकारिया प्रदान की जा रही है।

Related posts