डायल 112 की सजगता एवं त्वरिता से बची युवक की जान
पारिवारिक विवाद में यूरिया खाद खाकर आत्महत्या का प्रयास करने वाले 24 वर्षीय युवक के लिए ‘संजीवनी’ बनी डायल 112 की टीम
सूचना मिलते ही ग्राम बरबसपुर पहुंची डायल 112 टीम, युवक को तत्काल सीएचसी कसडोल अस्पताल पहुंचाकर बचाई जान
परिजनों एवं ग्रामीणों ने बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस व 112 की रिस्पॉन्स टीम का जताया आभार
बलौदाबाजार-भाटापारा : पुलिस अधीक्षक गौरव राय के कुशल निर्देशन में बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस की डायल 112 (आपातकालीन सेवा) टीम आम नागरिकों की सुरक्षा व आपात स्थिति में तत्काल सहायता पहुंचाने हेतु निरंतर तत्परता से कार्य कर रही है। इसी कड़ी में आज दिनांक 10.09.2026 को थाना कसडोल क्षेत्र अंतर्गत डायल 112 की सजगता एवं त्वरित कार्यवाही से एक युवक की जान बचाने में अभूतपूर्व सफलता प्राप्त हुई है।
घटना का संक्षिप्त विवरण:- आज दिनांक 10.09.2026 को डायल 112 कंट्रोल रूम को सूचना प्राप्त हुई कि थाना कसडोल क्षेत्र के एक ग्राम में एक 24 वर्षीय युवक ने पारिवारिक विवाद के चलते आत्महत्या करने की नीयत से यूरिया खाद का सेवन कर लिया है, जिससे उसकी तबीयत अत्यधिक बिगड़ रही है।
डायल 112 टीम की त्वरित कार्यवाही:- सूचना मिलते ही थाना कसडोल क्षेत्र की 112 ईआरवी (ERV) टीम बिना कोई समय गंवाए तत्काल संबंधित ग्राम के लिए रवाना हुई। घटनास्थल पर पहुंचकर टीम ने गंभीर हालत में पड़े पीड़ित युवक को तुरंत 112 वाहन में लेटाया और सायरन बजाते हुए त्वरित गति से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) कसडोल पहुंचाया। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों की टीम द्वारा मरीज का तत्काल प्राथमिक उपचार शुरू किया गया। समय पर चिकित्सकीय सहायता मिल जाने से युवक की स्थिति में सुधार आने लगा और कुछ ही देर में उसे होश आ गया, जिससे उसकी जान बच गई।
परिजनों ने व्यक्त किया आभार:- समय रहते अस्पताल पहुंचाकर युवक की जान बचाने पर पीड़ित के परिजनों एवं ग्रामीणों ने राहत की सांस ली तथा बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस एवं डायल 112 की टीम का सहृदय धन्यवाद व आभार व्यक्त किया।
सराहनीय भूमिका:- उक्त त्वरित एवं जीवनरक्षक कार्यवाही में डायल 112 टीम के आरक्षक 941 राजकुमार प्रजापति एवं चालक नरेंद्र साहू की सराहनीय भूमिका रही, जिनकी तत्परता से एक अमूल्य मानव जीवन बचाया जा सका।
