प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर जगदलपुर में भव्यता से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान, माँ दंतेश्वरी मंदिर परिसर सहित सिरहासार चौक में जगमगाएंगे सवा लाख दीये
महापौर सहित कलेक्टर व एसपी ने लिया जायजा
जगदलपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस तथा उनके सार्वजनिक व प्रशासनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पूरे माह चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत जगदलपुर में ऐतिहासिक भव्यता के साथ होने जा रही है। इस राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत बस्तर संभाग के मुख्यालय जगदलपुर के हृदय स्थल बस्तर की आराध्य देवी माँ दंतेश्वरी मंदिर परिसर सहित सिरहासार चौक पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जहाँ एक साथ सवा लाख दीये प्रज्वलित कर पूरे परिसर को अलौकिक रोशनी से जगमग किया जाएगा।
इस विशाल कार्यक्रम को सुव्यवस्थित और सफल आयोजन के उद्देश्य से स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों द्वारा व्यापक तैयारी की जा रही है। तैयारियों की समीक्षा और पुख्ता रणनीति तैयार करने के लिए महापौर संजय पाण्डे, कलेक्टर आकाश छिकारा और पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा द्वारा संयुक्त रूप से माँ दंतेश्वरी मंदिर परिसर सहित सिरहासार चौक का स्थलीय निरीक्षण कर सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
इस दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, मंच सज्जा, दीप प्रज्वलन की श्रृंखला तथा जनभागीदारी के सुगम आवागमन को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान पर नगर निगम आयुक्त प्रवीण वर्मा, पूर्व महापौर श्रीमती सफीरा साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
ज्ञात हो कि आगामी महीने भर चलने वाले इस सेवा संकल्प अभियान के दौरान समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक जनसेवा पहुँचाने के लिए स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य शिविर, सामाजिक सरोकार और रचनात्मक प्रतियोगिताओं जैसी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। जगदलपुर में 17 सितम्बर को सवा लाख दीपों का यह प्रज्वलन न केवल प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सेवाकाल के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करेगा, बल्कि बस्तर में शांति, विकास और जनसहभागिता के एक नए युग का उल्लास भी बिखेरेगा।
