आगामी त्योहारों एवं गणेशोत्सव के मद्देनजर थाना लवन पुलिस की अपराधियों पर सख्त निगरानी
क्षेत्र के गुंडा, माफी व निगरानी बदमाशों को थाने में आहूत कर दी गई सख्त चेतावनी एवं कड़ा संदेश
थाना लवन परिसर में कराई गई परेड, अनुशासन व कानून के प्रति आदर बनाए रखने हेतु दिए गए निर्देश
अवैध गतिविधियों में लिप्त न होने, शांति व्यवस्था बनाए रखने एवं सामान्य जीवन यापन करने हेतु दी गई सख्त हिदायत
बलौदाबाजार-भाटापारा : पुलिस अधीक्षक गौरव राय के कुशल निर्देशन में बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस द्वारा जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था सुदृढ़ रखने, असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने तथा आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज दिनांक 15.09.2026 को थाना लवन में क्षेत्र के गुंडा, माफी एवं निगरानी बदमाशों को आहूत कर पुलिस द्वारा सख्त हिदायत एवं आवश्यक समझाइश दी गई।
थाना परिसर में कराई गई परेड: थाना लवन परिसर में उपस्थित सभी गुंडा व निगरानी बदमाशों की अनुशासन में सुधार लाने परेड कराई गई। पुलिस अधिकारियों द्वारा उनके वर्तमान चाल-चलन, आजीविका के साधनों तथा दैनिक गतिविधियों की विस्तृत जानकारी ली गई।
सख्त दिशा-निर्देश एवं समझाइश: वर्तमान में चल रहे गणेशोत्सव एवं आगामी त्यौहारों के मद्देनजर पुलिस द्वारा उपस्थित सभी असामाजिक तत्वों एवं बदमाशों को कड़े शब्दों में निर्देशित किया गया:
1. शांति व्यवस्था बनाए रखना: किसी भी नागरिक या समाज के किसी वर्ग को किसी प्रकार की क्षति, हानि या परेशानी न पहुंचाने की सख्त हिदायत दी गई।
2. अवैध कृत्यों से दूरी: अवैध शराब बिक्री, जुआ-सट्टा, मारपीट, गुंडागर्दी या अन्य किसी भी प्रकार के अवैध कृत्य से दूर रहने की चेतावनी दी गई।
3. सामान्य जीवन यापन: अपराध का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा से जुड़ने तथा सामान्य व सम्मानजनक जीवन शैली में जीवन यापन करने की सलाह दी गई।
पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया कि यदि कोई भी निगरानी या गुंडा बदमाशी त्यौहारों के दौरान शांति भंग करने या किसी भी प्रकार के अपराध में लिप्त पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध जिला बदर एवं कड़े कानूनी प्रावधानों के तहत कठोरतम दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी।
