त्यौहारों के मद्देनजर सूरजपुर पुलिस का सघन चेकिंग अभियान।
निगरानी व गुण्डा बदमाशों के ठिकानों पर पुलिस ने दी दबिश, गतिविधियों और गुजर-बसर की हुई जांच।
अपराध से बनाए रखे दूरी अन्यथा होगी सख्त से सख्त कार्रवाई।
सूरजपुर : त्यौहारों के दौरान जिले में शांति व्यवस्था एवं सुरक्षा प्रबंध को पुख्ता बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल (भापुसे) ने जिले के सभी थाना-चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में निवासरत निगरानी एवं गुण्डा बदमाशों की सघन चेकिंग करने के निर्देश दिए हैं।
निर्देश के परिपालन में विगत दो दिनों से जिले के सभी थाना-चौकी प्रभारियों के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों एवं जवानों द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में निगरानी एवं गुण्डा बदमाशों की व्यापक स्तर पर चेकिंग की गई। पुलिस टीमों ने उनके निवास स्थान सहित रहने के संभावित अन्य ठिकानों पर दबिश देकर उनकी मौजूदगी की जांच की।
चेकिंग अभियान के दौरान संबंधित व्यक्तियों के वर्तमान गतिविधियों, आवागमन एवं गुजर-बसर के साधनों की जानकारी ली गई। साथ ही उन्हें कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में संलिप्त नहीं होने के संबंध में सख्त हिदायत दी गई।
पुलिस अधीक्षक सूरजपुर ने स्पष्ट किया है कि त्यौहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस द्वारा लगातार क्षेत्र में निगरानी रखी जा रही है। कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों पर विशेष नजर रखते हुए आवश्यकतानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सख्त लहजे में कहा है कि निगरानी और गुण्डा बदमाश अपराध से दूरी बनाकर रखे अन्यथा उनके विरूद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
